
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कस्बा पुलिस चौकी राजातालाब ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर शनिवार की देर रात अनियंत्रित एक्सयूवी कार ऑटो में टक्कर मारते हुए दुकान में जा घुसी। घटना में चार लोगों को चोट आयी। पुलिस ने चालक समेत दो को हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक दिनेश सिंह यादव की राजातालाब सर्विस रोड के किनारे मिष्ठान की दुकान है। पास में ही एक पान की गुमटी थी। यहां लोग सोते भी हैं। शनिवार की रात ऑटो को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित एक्सयूवी कार दुकान में जा घुसी। इस दौरान चार लोग घायल हुए। घटना की सूचना पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और चालक बृजेश शुक्ला निवासी तितिरा शुक्लान रामपुर नैकिन सीधी मध्य प्रदेश समेत वाहन में सवार आशुतोष मिश्रा को हिरासत में लिया। घायल होने वालों में सोनू,अंश,आर्यन व मोनू है। जिन्हें इलाज के लिए भिजवाया गया। चालक नशे में बताया गया।



