Crime

पिकअप की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, दो गंभीर

शामली : उत्तर प्रदेश में शामली जिले के कोतवाली कैराना क्षेत्र में हरियाणा से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे बाइक सवारों की पिकअप से भिडंत हो जाने के चलते दो कांवडियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि हरियाणा के गन्नौर के गांव डाबरपुर निवासी संजीत अपने ताऊ के लडके हर्ष, घरौंडा निवासी मामा के लडके मनीष व संजू के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए जा रहे थे कि मंगलवार देर रात कैराना के गांव मवी के निकट बालाजी आईटीआई के सामने तेज गति से आ रही एक पिकअप से उनकी जोरदार भिडंत हो गयी।

इस हादसे में घायल युवकों को उपचार के लिए कैराना चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान संजीत व हर्ष ने दम तोड दिया जबकि मनीष व संजू की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया।

उधर, दो कांवडियों की मौत व दो के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में एसएसपी ने कडा रुख अखित्यार करते हुए कांवड ड्यूटी में लापरवाही बरते पर पंजीठ चौकी प्रभारी एसआई राधेश्याम भारती व सैक्टर प्रभारी एसआई नरेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button