5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी, विदेशी कनेक्शन और बम धमकियां, ATS ने कानपुर से आरोपी को दबोचा
उत्तर प्रदेश एटीएस ने कानपुर नगर से 24 वर्षीय अंकित शंखवार को फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर विदेशों में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में नोएडा, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और मुंबई में स्कूलों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, गायक दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित शो तथा एक बॉलीवुड अभिनेता के घर को बम से उड़ाने की धमकियों से जुड़े ई-मेल सामने आए हैं। आरोपी के लैपटॉप से करीब 5 लाख ई-मेल आईडी मिली हैं। एटीएस क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन और विदेशी संपर्कों की जांच कर रही है।
लखनऊ : योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और देशविरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यूपी एटीएस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में यूपी एटीएस ने फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर उन्हें देश के बाहर बैठे लोगों को बेचने और धमकी भरे ई-मेल भेजने के मामले में कानपुर नगर से 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इन ई-मेल आईडी का इस्तेमाल नोएडा, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और मुंबई में स्कूलों व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए किया गया था।
इस मामले में सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित शो को बम धमाके से निशाना बनाने की धमकी भी शामिल है। साथ ही एक बॉलीवुड अभिनेता के घर पर भी बम धमाका करने की धमकी दी गई थी। आरोपी पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य देशों में बैठे लोगों को फर्जी ई-मेल आईडी बेचता था और इसके बदले क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान लेता था। एटीएस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है। लैपटॉप में करीब 5 लाख ई-मेल आईडी मिली हैं।
पाकिस्तान और विदेशों में बैठे लोगों से जुड़ाव की जांच
यूपी एटीएस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2021 से फर्जी ई-मेल आईडी बनाने का काम कर रहा था। वह वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाता था। इन आईडी को सोशल मीडिया के फेसबुक से जुड़े ग्रुप्स के जरिए बेच रहा था। पूछताछ में पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये, मिस्र और अन्य देशों के लोगों व समूहों से संपर्क भी सामने आया है। आरोपी के मोबाइल में अलग-अलग देशों के नंबरों से व्हाट्सऐप नंबर और बड़ी मात्रा में यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन से जुड़ी जानकारी भी मिली है। एटीएस के मुताबिक, आरोपी ने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम को फर्जी ई-मेल आईडी उपलब्ध कराई थी। इसके बदले उसे 6 हजार यूएसडीटी भुगतान किए गए। जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
स्कूलों और दिलजीत दोसांझ के शो को धमकी
जिस ई-मेल आईडी से नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के स्कूलों को धमकी भरे संदेश भेजे गए, वह आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल में मिली फर्जी आईडी में शामिल थी। इन ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम लेकर धमकियां दी गई थीं। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित कार्यक्रम और एक प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता के घर को भी निशाना बनाने की धमकी भी शामिल है।
इसके अतिरिक्त, 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई में मेयर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी भेजने के मामले में इस्तेमाल हुई एक अन्य ई-मेल आईडी भी आरोपी के पास मिली। एटीएस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को नोएडा के स्कूलों और अन्य स्थानों पर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल से संबंधित आईडी भी जांच में सामने आई है।
करीब 5 लाख ई-मेल आईडी मिलने से बढ़ा जांच का दायरा
गिरफ्तारी के दौरान बरामद लैपटॉप की एक्सेल फाइलों में करीब 5 लाख ई-मेल आईडी मिली हैं। इन आईडी के साथ पासवर्ड, रिकवरी ई-मेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जानकारी भी दर्ज थीं।
क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान, नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश
एटीएस की जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी ई-मेल आईडी उपलब्ध कराने के बदले बाइनेंस क्रिप्टो वॉलेट के जरिए भुगतान लेता था। बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम के साथ व्हाट्सएप पर संपर्क और भुगतान से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। इस संबंध में लखनऊ एटीएस थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि साजिश से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
PM किसान सम्मान निधि: यूपी के 2.24 करोड़ किसानों को मिलेंगे 4,482 करोड़



