वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत रिंग रोड आजमगढ़ बाईपास के पास 25 दिसंबर को पहाड़िया के संजय नगर कॉलोनी निवासी की बाइक लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने बाइक समेत गिरफ्तार किया है। इस वारदात में शामिल एक और अभियुक्त की तलाश जारी है।
लालपुर पांडेयपुर थाने में एसीपी कैंट डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के रामानंदन का पूरा निवासी विशाल यादव और करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर निवासी साहिल सिंह हैं। दोनों बदमाशों को रजनहिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों का अपराधिक इतिहास भी है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 25 दिसंबर को हम दोनों के साथ धनन्जय यादव वाराणसी आये थे।
रास्ते में घर वापस जाते वक्त गोईठहां ओवरब्रीज रिंग रोड संदहा की तरफ जाने वाले मार्ग के पास दो लोग पल्सर बाइक के साथ खड़े थे। हम लोगों उसकी बाइक छीन ली और भाग निकले। फिर नई वारदात को अंजाम देने के लिए वाराणसी आये थे लेकिन पकड़ लिए गये। विशाल यादव के खिलाफ गाजीपुर में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार अम्बष्ट, क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह, लालपुर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार यादव, उपनिरीक्षक अमित सिंह, मुनेश यादव, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मौर्य, चंद्रेश सिंह, उपेंद्र बहादुर सिंह आदि पुलिसकर्मी शामिल हैं।



