समाज की जरूरत के अनुरूप सेवा करना ही सच्ची सेवा : प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी
वाराणसी में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321ई के 41वें पदारोहण समारोह ‘भव्या’ का भव्य आयोजन हुआ। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा कार्य करने को सच्ची सेवा भावना बताया। समारोह में नवपदस्थ डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने सदस्य संख्या बढ़ाने और सेवा प्रकल्पों को गति देने का आह्वान किया। वाराणसी में दिव्यांग बच्चों के विद्यालय और प्रयागराज में वृद्धाश्रम की स्थापना की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
- लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321ई के 41वें पदारोहण समारोह ‘भव्या’ में नवपदस्थ पदाधिकारियों ने ली शपथ
वाराणसी। समाज सेवा के प्रकल्पों में लायंस क्लब्स ने अपना विशिष्ट स्थान बनाने में सफलता हासिल की है। समाज की आवश्यकता को समझकर उसी के अनुरूप आचरण करना ही सच्ची सेवा भावना को प्रतिष्ठापित करता है। सभी लायन सदस्यों को उनकी सेवा भावना के लिए साधुवाद। यह विचार काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321ई के कैबिनेट पदाधिकारियों के 41वें पदारोहण समारोह ‘भव्या’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने सभी नवपदस्थ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी।
समारोह का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय निदेशक लायन विनय मित्तल ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने लायन सदस्यों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य कम से कम एक नए सदस्य को लायंस परिवार से जोड़े तथा कम से कम एक सेवा प्रकल्प अवश्य संचालित करे। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से ही लायंस के मूल मंत्र ‘We Serve’ (हम सेवा करते हैं) की भावना को सही मायने में आत्मसात किया जा सकता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन उदय चंदानी ने अध्यक्ष के रूप में समारोह के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। पूर्व अंतर्राष्ट्रीय निदेशक एवं कॉन्स्टीट्यूशनल एरिया लीडर लायन जितेंद्र सिंह चौहान ने उप मंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश कक्कड़, उप मंडलाध्यक्ष द्वितीय श्याम बाबू वर्मा सहित कैबिनेट के अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर पदस्थापित किया।
लायन जितेंद्र सिंह चौहान ने अपने अनोखे एवं प्रेरणादायी संबोधन के माध्यम से 46 सदस्यों को लायंस इंटरनेशनल फाउंडेशन में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान में दुबई से पधारे लायन राजेश अग्रवाल ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया तथा विशेष सहयोग देने की घोषणा भी की।
पूर्व अंतर्राष्ट्रीय निदेशक डॉ. जगदीश गुलाटी ने अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट के और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तार होने की कामना की। उन्होंने लायन सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रियता बढ़ाने और समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह के आयोजक अध्यक्ष लायन बलबीर सिंह बग्गा एवं लायन अनिल तुलस्यान ने अतिथियों एवं उपस्थित लायन सदस्यों का स्वागत किया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन उदय चंदानी ने डिस्ट्रिक्ट की सेवा योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्थायी सेवा प्रकल्प के अंतर्गत वाराणसी में दिव्यांग बच्चों के लिए विद्यालय का संचालन वाराणसी डायमंड द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्रयागराज में एक वृद्धाश्रम की स्थापना भी की जा रही है।
समारोह में GAT एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा, PMCC लायन राजेंद्र सिंह सग्गर, रमन गुप्ता, वाइस एरिया लीडर अभिनव सिंह सहित विभिन्न डिस्ट्रिक्ट से आए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स एवं लायंस इंटरनेशनल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंडल के सभी पूर्व मंडलाध्यक्षों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन डॉ. आनंद श्रीवास्तव ने अपनी अद्भुत संचालन शैली से किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली अंदाज में सभागार में उपस्थित 500 से अधिक लायन सदस्यों को पूरे कार्यक्रम के दौरान बांधे रखा। समारोह सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
जीवन में अपनी जिज्ञासा को जीवित रखें, सीखने की प्रवृत्ति को बनाए रखें: प्रधानमंत्री



