Crime

ट्रेलर ने खड़ी बस को मारी ठोकर , एक बच्चे समेत 8 की मौत

अंबाला : हरियाणा के अंबाला जिले में चंडीगढ़-यमुनानगर मार्ग पर शुक्रवार तड़के ट्राले और निजी बस की टक्कर से आठ लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये।पुलिस के अनुसार हादसा शहजादपुर में ककर माजरा के निकट हुआ। बस उत्तर प्रदेश के बरेली से हिमाचल प्रदेश के बद्दी जा रही थी। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब बरेली उत्तर प्रदेश से बद्दी हिमाचल प्रदेश जा रही एक डबल डेकर बस शुक्रवार अलसुबह गांव ककड़ माजरा के नजदीक सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रेलर हाइवे पर बने डिवाइडर को पार कर दूसरी तरह पलट गया।

हादसा के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बस में सवार लोगों को निकाला गया और कुछ को शहजादपुर सीएचसी व कुछ को पंचकूला सरकारी अस्पताल में भेजा गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जिनमें महिलाएं व एक बच्चा भी बताया जा रहा है जिसकी उम्र लगभग दो से तीन साल बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीएसपी नारायणगढ़ अर्शदीप सिंह थाना प्रभारी शहजादपुर बीरभान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद हाइवे के दोनों और जाम लग गया। बड़ी क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया लगभग दो घंटे के बाद यातायात सुचारू हुआ।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के लगभग पांच बजे के करीब बरेली से लगभग 70 सवारियों को लेकर बस बद्दी के लिए चली थी और जैसे ही आज सुबह लगभग पांच बजे के करीब बस जब ककड़ माजरा के नजदीक पहुंची तभी यह हादसा हुआ है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।हादसे की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में व्यवस्था बनाते हुए मरीजों को अलग-अलग अस्पताल में रेफर किया। इसमें से 7 अंबाला छावनी तो कुछ अंबाला सिटी व पंचकूला रेफर हुए। ताकि सभी जगह व्यवस्था बनी रहे।(वार्ता)(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button