बिना गाइड घूमिए काशी के 84 घाट, मोबाइल खुद सुनाएगा इतिहास और पौराणिक कथाएं
काशी के ऐतिहासिक 84 घाटों की सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक कहानियां अब पर्यटक 15 भाषाओं में सुन सकेंगे। देव दीपावली पर नमो घाट से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर’ का शुभारंभ किया। GPS आधारित यह सुविधा पर्यटकों को मोबाइल एप के माध्यम से घाटों का भ्रमण करते हुए ऑडियो जानकारी सुनने का अवसर देती है। हिंदी, अंग्रेजी सहित 15 भाषाओं में उपलब्ध यह टूर ऑफलाइन भी सुना जा सकता है और दुनिया में कहीं से भी इसका लाभ उठाया जा सकता है।
वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी के ऐतिहासिक 84 घाटों की कहानी अब देश-दुनिया के पर्यटक अपनी पसंदीदा भाषा में सुन सकेंगे। देव दीपावली पर्व पर नमो घाट पर दीप प्रज्वलन के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने “वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर” की शुरुआत की। जीपीएस आधारित इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से पर्यटक बिना किसी गाइड के अपनी सुविधानुसार घाटों का भ्रमण करते हुए उनके इतिहास, धार्मिक मान्यताओं, सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक महत्व की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पर्यटकों को घाटों की जानकारी हिंदी और अंग्रेजी सहित कुल 15 भाषाओं में उपलब्ध होगी। इसमें मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, चीनी, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाएं भी शामिल हैं। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए काशी की सांस्कृतिक विरासत को समझना और भी आसान होगा।
ऑडियो टूर में काशी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। इनमें प्रत्येक घाट का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व विस्तार से बताया गया है। पर्यटक पैदल घाटों का भ्रमण करते हुए अथवा नाव से गंगा की सैर के दौरान इन कहानियों को सुन सकते हैं।जीपीएस आधारित इस सिस्टम में जैसे ही पर्यटक किसी घाट पर पहुंचेंगे, मोबाइल एप उनकी लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट का ऑडियो अपने आप चलाना शुरू कर देगा। निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और वापस लौटने पर फिर शुरू हो सकता है। इसके अलावा पर्यटक एप पर अपनी पसंद का कोई भी घाट चुनकर उसकी जानकारी भी सुन सकते हैं।
पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑडियो के साथ लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें ऑडियो को अपनी सुविधानुसार रोकने, दोबारा शुरू करने और अगले घाट की जानकारी पर जाने का विकल्प दिया गया है। एप भ्रमण किए जा चुके घाटों का रिकॉर्ड भी रखता है। ऐसे में यदि कोई पर्यटक बीच में अपनी यात्रा रोक देता है तो अगली बार वहीं से ऑडियो टूर दोबारा शुरू कर सकता है, जहां उसने पिछली बार छोड़ा था। इस डिजिटल सुविधा का लाभ लेने के लिए पर्यटक यात्रा से पहले ऑडियो टूर डाउनलोड कर सकते हैं। इससे भ्रमण के दौरान लगातार इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होगी। खास बात यह है कि इस सुविधा का इस्तेमाल केवल काशी में ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में कहीं से भी किया जा सकता है। यानी वाराणसी से दूर बैठे लोग भी काशी के घाटों की कहानियां सुनकर यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकते हैं।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए एंड्रॉयड अथवा आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलकर ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक- ऑडियो टूर’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा और पैदल भ्रमण अथवा नाव यात्रा का विकल्प चुन सकते हैं। घाटों पर पहुंचकर जीपीएस आधारित अनुभव के लिए ‘स्टार्ट टूर एट लोकेशन’ और पहले से डाउनलोड करके ऑफलाइन अथवा दूर बैठकर सुनने के लिए ‘इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर’ विकल्प उपलब्ध है। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसके लिए अकाउंट बनाने या लॉगिन करने की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। यूपी पर्यटन विभाग की यह पहल काशी के प्राचीन घाटों के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यटकों को न केवल भ्रमण का नया अनुभव मिलेगा, बल्कि काशी की सदियों पुरानी परंपराओं और आध्यात्मिक पहचान को समझने का अवसर भी मिलेगा।
15 साल के वैभव का क्रिकेट में महाविस्फोट, 53 गेंदों में 204 रन, 28 छक्कों से रचा विश्व रिकॉर्ड



