NationalUP Live

घाटों पर दीपों का महासागर, आसमान में शिव तांडव, ड्रोन और लेजर शो से जगमगाई काशी

देव दीपावली पर वाराणसी में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का भव्य संगम देखने को मिला। गंगा घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से पहली बार शानदार शो आयोजित हुआ। आसमान में भगवान शिव, मां गंगा और काशी की धार्मिक विरासत की आकृतियां उभरीं। चेत सिंह घाट पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो और गंगा पार शिव भजनों पर ग्रीन आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देव दीपावली पर काशी ने अपनी सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल से दुनिया को संस्कृति और नवाचार का संदेश दिया। गंगा के घाटों पर दीपों की अविरल श्रृंखला ने काशी को रोशनी का कंठहार पहना दिया, वहीं आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को नया आयाम दिया। पहली बार आयोजित ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं।

एक ओर गंगा तट पर लाखों दीप सनातन परंपरा और आस्था का संदेश दे रहे थे, तो दूसरी ओर आधुनिक तकनीक के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए रूप में प्रस्तुत किया गया। दीपों की रोशनी, संगीत और तकनीक के इस संगम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए देव दीपावली को यादगार बना दिया।

2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आसमान में उभरी काशी की विरासत

देव दीपावली पर गंगा पार का रेतीला क्षेत्र पहली बार 2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आयोजित भव्य प्रदर्शन का साक्षी बना। करीब 10 मिनट चले इस शो में थ्री-डी एनिमेशन तकनीक के माध्यम से ड्रोन ने आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं। रोशनी के बिंदुओं को आपस में जोड़कर विभिन्न आकृतियां और संरचनाएं तैयार की गईं। हिंदी में वॉयस ओवर के जरिए दर्शकों को इन दृश्यों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बताया गया। आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य साकार हुए। इसके साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की आकृतियां भी उभरीं। संगीत और रोशनी के तालमेल ने काशी की आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत कर दिया।

25 मिनट के ‘काशी-कथा’ शो में दिखी सनातन संस्कृति की गौरवगाथा

चेत सिंह घाट पर करीब 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया। ‘काशी-कथा’ नाम की इस प्रस्तुति में ऑडियो-वीडियो माध्यम से काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। गंगा तट पर स्थित ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए इन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु और पर्यटक अभिभूत हुए।

शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ शुरू हुई प्रस्तुति में एनामॉर्फिक एलईडी दृश्य, संगीत और कथावाचन का भी समावेश रहा। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया। भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों के साथ गंगा की स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। शो के अंतिम चरण में करीब आठ मिनट के लेजर प्रदर्शन ने ऐतिहासिक इमारतों और गंगा तट को रोशनी के अद्भुत संसार में बदल दिया।

शिव भजनों पर ग्रीन आतिशबाजी ने बांधा समां

ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसमें भारत में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल हुआ। करीब 10 मिनट चले इस शो में रंग बदलती आकृतियों और आकर्षक पैटर्न ने दर्शकों का ध्यान खींचा। ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे भजनों की धुन पर नौ से दस संगीत ट्रैकों के साथ आतिशबाजी की गई। आसमान में उभरती रंग-बिरंगी आकृतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

रोशनी से निखरी मंदिरों और घाटों की सुंदरता

योगी सरकार की पहल पर ड्रोन, लेजर, संगीत और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट को भी विशेष रूप दिया गया। मंदिरों और घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई, जबकि सड़कों के विद्युत खंभों पर तिरंगे रंगों की आकर्षक स्पाइरल झालरें लगाई गईं। इस तरह देव दीपावली पर काशी ने अपनी आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुतियों के साथ दुनिया के सामने रखा।

देव दीपावली पर पर्यटकों की प्रतिक्रिया : गंगा आरती, लाखों दीपों, लेजर शो और ड्रोन शो ने बनाया यादगार अनुभव

आगरा से आईं रंजना कुशवाहा बोलीं-जैसा सुना था, वैसी ही दिव्य है काशी

आगरा से अपने परिवार के साथ काशी पहुंचीं रंजना कुशवाहा ने अस्सी घाट से देव दीपावली का अद्भुत नजारा देखा। उन्होंने कहा कि काशी के बारे में जैसा सुना था, यहां आकर वैसा ही अनुभव हुआ। योगी सरकार ने देव दीपावली की भव्यता देखने और गंगा आरती का आनंद लेने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की थीं। पूरे परिवार के साथ काशी के इस महापर्व में शामिल होकर उन्हें बेहद खुशी हुई।

रायबरेली की स्वाति सिंह बोलीं-लेजर और ड्रोन शो ने उत्सव को बनाया शानदार

रायबरेली की स्वाति सिंह ने कहा कि गंगा आरती और दीपों की रोशनी के साथ लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और ड्रोन शो ने देव दीपावली के उत्सव को और भी शानदार बना दिया। यहां भारतीय परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला। योगी सरकार ने काशी की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक आकर्षणों के साथ प्रस्तुत कर इस आयोजन को यादगार बना दिया।

हैदराबाद की सुनीता यादव बोलीं-काशी की देव दीपावली देखकर खुद को धन्य महसूस किया

हैदराबाद से आईं सुनीता यादव ने देव दीपावली की भव्यता देखकर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गई थीं। परिवार के साथ मंदिरों में दर्शन करने के बाद उन्होंने गंगा की महाआरती और विभिन्न शो का आनंद लिया। काशी की आध्यात्मिकता और घाटों की अद्भुत सजावट ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी।

पुरेंद्र पौराणिक बोले-दीपों की रोशनी और आधुनिक तकनीक के संगम ने मोहा मन

पुरेंद्र पौराणिक ने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन ने देव दीपावली पर काशी में दिव्य वातावरण तैयार किया। घाटों की आकर्षक सजावट, लाखों दीपों का एक साथ प्रज्ज्वलन, भव्य गंगा आरती और आधुनिक तकनीक से सजे शो का तालमेल बेहद मनमोहक रहा। इस अद्भुत आयोजन ने मन प्रसन्न कर दिया। काशी की देव दीपावली अब अपनी स्थानीय पहचान से निकलकर वैश्विक आकर्षण बन चुकी है।

काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़

Related Articles

Back to top button