
श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण कर प्रधानमंत्री ने गर्भ गृह में किया दर्शन पूजन
विश्व कल्याण की कामना से बाबा का किया जलाभिषेक
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए सीधे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भू देवों के मंत्र उच्चारण के बीच मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित बाबा श्री काशीविश्वनाथ का दर्शन पूजन भी किया। मंदिर गर्भगृह में विधि विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने बाबा का दूध-जल व पंचामृत से अभिषेक भी किया। षोडशोपचार पूजन के बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ की आरती भी उतारी। प्रधानमंत्री ने देश व समूचे विश्व के कल्याण कके लिए मंगल कामना कर बाबा से आशीर्वाद लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया। इसके बाद पीएम पचास हजार वर्ग मीटर में आकार ले रहे विस्तारीकरण व सुंदरीकरण परियोजना के बारे में जानकारी ली। पीएम ने कारिडोर क्षेत्र में बन रहे भवनों का निरीक्षण भी किया। स्तंभों पर उकेरी गई नक्काशी को उन्होंने ध्यान से देखा। मण्डलायुक्त के नेतृत्व में प्रदर्शित डाक्यूमेंट्री के जरिए भी उन्होंने विस्तारीकरण व सुंदरीकरण परियोजना की प्रगति से रूबरू हुए। इस दौरान मंदिर में कई बार हर हर महादेव का उद्घोष हुआ तो प्रधानमंत्री के राजघाट प्रस्थान के समय घाटों पर मौजूद लोग मोबाइल के लाइट जला कर बाबा भोले की जय जयकार कर रहे थे ,इस दौरान तमाम समर्थक मोदी मोदी के नारे लगा रहे थे।




