वाराणसी। भेलुपुर थाना क्षेत्र के गौरीगंज इलाके में रहने वाले साड़ी कारोबारी महमूद आलम का शव मीरजापुर में पोस्टमार्टम होने के बाद रविवार देर रात एक बजे के बाद आवास पर पहुंचा। गौरीगंज में शव पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। अंतिम क्रिया की रस्म अदायगी के बाद रेवड़ी तालाब स्थित कब्रिस्तान में शव को दफन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग मौजूद रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भेलुपुर थाने की पुलिस एक प्लाटून पीएसी के साथ मौजूद रही।
वाराणसी से साड़ी कारोबारी का हत्या कर फेंका शव शनिवार को चुनार कोतवाली के अदलपुरा पंप कैनाल में मिला। सूचना पर वाराणसी पुलिस कारोबारी के परिजनों के साथ पहुंची। भेलूपुर निवासी साड़ी कारोबारी महमूद आलम 14 जनवरी को तीन बजे घर से निकले, फिर लौट कर नहीं आए।अपहरण की आशंका पर उनके पुत्र फैजान ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी। भेलूपुर पुलिस व्यापारी की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने कारोबारी के अपहरण व हत्या का खुलासा किया। मामले में महिला समेत पांच लोग गिरफ्तार किए गए। आरोपियों ने स्वीकार किया था कि कारोबारी की गला कसकर हत्या करने के बाद शव को चुनार में गंगा में फेंक दिया था।



