तेलंगाना केमिकल फैक्ट्री विस्फोट,12 की मौत, 30 घायल
तेलंगाना केमिकल फैक्ट्री विस्फोट पर मोदी ने जताया दु:ख , दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा.रासायनिक कारखाना हादसा:जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित.
हैदराबाद : तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमिलाराम औद्योगिक क्षेत्र में सिगाची इंडस्ट्रीज के केमिकल रिएक्टर में सोमवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए जिनमें से 12 की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, एक केमिकल रिएक्टर में विस्फोट हुआ जिससे भीषण आग लग गई जिससे फैक्ट्री का काफी हिस्सा जलकर खाक हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे कर्मचारी 100 मीटर दूर तक उछल कर जमीन पर गिरे। घटना के समय लगभग 108 कर्मचारी ड्यूटी पर थे।पांच कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।कुल 11 दमकल गाड़ियों सहित आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। विस्फोट से फैक्ट्री के निर्माण और प्रशासनिक ब्लॉक को भी काफी नुकसान पहुंचा।जहरीले रासायनिक धुएं और विस्फोट की तीव्रता के कारण एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कई पीड़ितों की गंभीर हालत को देखते हुए मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।संगारेड्डी की जिला कलेक्टर प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक (एसपी) परितोष ने घटनास्थल का दौरा किया और राहत एवं बचाव प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को संदेह है कि अंदर और भी कर्मचारी फंसे हो सकते हैं जिससे चिंतित परिवार के सदस्य परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो हाथापाई हो गई जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने ध्रुव और प्रणाम अस्पतालों में इलाज करा रहे पीड़ितों से मुलाकात की और उनके परिवारों को पूरी सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।श्री रेड्डी ने कहा,“सरकार पीड़ितों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी पीड़ित को देखभाल से वंचित न किया जाए।” उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तब तक अस्पतालों में तैनात रहें जब तक कि बचाव कार्य पूरा न हो जाए।
तेलंगाना केमिकल फैक्ट्री विस्फोट पर मोदी ने जताया दु:ख , दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना की एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में लोगों के हताहत होने पर गहरा दु:ख प्रकट किया है और इस हादसे में मारे गये प्रत्येक व्यक्ति के निकट संबंधी को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है।श्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,“ तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फ़ैक्ट्री में आग लगने की दुखद घटना में जानमाल के नुकसान से दुखी हूँ।जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना।
रासायनिक कारखाना हादसा:जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शहर के बाहरी इलाके संगारेड्डी में एक रासायनिक कारखाने में हुई दुखद दुर्घटना के मूल कारणों की समीक्षा और जांच के लिए आज शाम एक उच्चस्तरीय समिति गठित की।गौरतलब है कि संगारेड्डी जिले के पाशमिलाराम औद्योगिक क्षेत्र में सिगाची इंडस्ट्रीज में हुए भीषण विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए जिनमें से 12 की हालत गंभीर है।सरकार की ओर से गठित पांच सदस्यीय समिति में मुख्य सचिव, एसपी सीएस – आपदा प्रबंधन, प्रमुख सचिव (श्रम), प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) और अतिरिक्त डीजीपी (अग्निशमन सेवाएं) शामिल हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस दुर्घटना की जांच के अलावा पैनल ऐसी दुर्घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के तरीकों पर एक रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेगा।मुख्यमंत्री ने आज की दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रियजनों और परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और प्रार्थना व्यक्त की।मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी को बचाव और राहत कार्यों के लिए सभी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा, सीएस और डीजीपी के साथ मुख्यमंत्री दुर्घटना की पहली रिपोर्ट सामने आने के बाद से चल रहे प्रयासों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने दुर्घटना के सभी पीड़ितों के परिवारों को पूर्ण सहायता का वादा किया।श्री रेड्डी ने मुख्य सचिव को सभी घायलों के इलाज का ध्यान रखने का भी निर्देश दिया है।उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री कल अस्पताल का दौरा करेंगे और पीड़ितों के परिवारों से भी मिलेंगे।(वार्ता)
सतत प्रयासों से हीटवेव से ग्रीनवेव की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री



