Business

शेयर बाजार सवा महीने के उच्चतम स्तर पर

मुंबई : विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बावजूद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड एवं कच्चे तेल की कीमतें गिरने से स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार लगातार पांचवे दिन चढ़ता हुआ करीब सवा महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 385.04 अंक अर्थात 0.58 प्रतिशत की छलांग लगाकर सवा महीने के उच्चतम स्तर 66 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 66265.56 अंक पर पहुंच गया।

इससे पूर्व एक अगस्त को यह 66459.31 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 116 अंक यानी 0.59 अंक उछलकर 19727.05 अंक पर रहा। पिछले लगातार पांच दिन में सेंसेक्स 1434 और निफ्टी 473 अंक की उछाल रही है।बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी जमकर लिवाली हुई। इससे मिडकैप 0.79 प्रतिशत की तेजी लेकर 32,374.93 अंक और स्मॉलकैप 0.40 प्रतिशत मजबूत होकर 38,101.21 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 3807 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2240 में तेजी जबकि 1439 में गिरावट रही वहीं 128 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 34 कंपनियां हरे जबकि शेष 16 लाल निशान पर रही।

बीएसई में एफएमसीजी की 0.37 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर 19 समूहों में तेजी रही। इस दौरान कमोडिटीज 0.15, सीडी 0.52, ऊर्जा 0.96, वित्तीय सेवाएं 0.97, हेल्थकेयर 0.02, इंडस्ट्रियल्स 1.55, आईटी 0.26, दूरसंचार 0.15, यूटिलिटीज 1.04, ऑटो 0.35, बैंकिंग 1.12, कैपिटल गुड्स 2.29, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.55, धातु 0.73, तेल एवं गैस 0.25, पावर 0.94, रियल्टी 1.44, टेक 0.19 और सर्विसेज समूह के शेयरों में 0.41 प्रतिशत की बढ़त रही।विदेशी बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.31 और जर्मनी का डैक्स 0.18 प्रतिशत मजबूत रहा जबकि जापान का निक्केई 0.75, हांगकांग का हैंगसेंग 1.34 और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.13 प्रतिशत लुढ़क गया।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button