NationalPolitics

सबको साथ लेकर आगे बढ़ेगी प्रदेश भाजपा : भूपेन्द्र सिंह

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करते हुए कहा कि वह प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य बना कर संगठन के सुदृढ़ ढांचे को और अधिक मजबूती प्रदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि पिछले दो लोकसभा चुनाव के परिणाम को दोहराने के लिये प्रदेश भाजपा सबको साथ लेकर आगे बढ़ेगी। सिंह आज दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचे।रेलवे स्टेशन से लेकर हजरत गंज स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचने तक, पूरेे मार्ग में उमड़े पार्टी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने सिंह का जोरदार स्वागत किया।

इससे पहले चारबाग रेलवे स्टेशन पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, संजीव बालियान, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित योगी सरकार के तमाम मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। स्टेशन के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों व गगन भेदी नारों के साथ सिंह का स्वागत किया।इस दाैरान पार्टी कार्यालय पहुंचने के मार्ग में सिंह ने केकेसी तिराहा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पर अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा, लोकभवन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा और महारानी अवन्ती बाई की प्रतिमा, अटल चौक स्थित डा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा, जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर उन्हें अपने श्रद्धांजलि अर्पित की।

नई दिल्ली से लखनऊ तक पहुंचने के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़, टूण्डला, इटावा और कानपुर स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री मौर्य एवं पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।योगी ने अपने संबोधन में कहा कि भूपेंद्र जी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इसके तहत उन्हें सरकार और संगठन के बीच समन्वय का दायित्व निभाना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की मजबूत पकड़ का जिक्र करते हुए भरोसा जताया कि सिंह के नेतृत्व में पार्टी का प्रदेश में जनाधार एवं संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा।मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के मंत्री के रूप में बेहतर कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा, “भूपेंद्र जी की क्षमताओं को हम सब बखूबी जानते हैं और उनकी क्षमताओं पर हमें पूरा भरोसा है।”

योगी ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर प्रदेश को ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करेंगे। इसके बलबूते पूरे प्रदेश को भाजपा मय बनाने में कामयाबी मिलना तय है।इस बीच योगी ने निवृत्तमान अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कार्यकाल में हुए पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा, “स्वतंत्रदेव सिंह जी को हम स्वतंत्र नही होने देंगे। स्वतंत्र देव जी संगठन के लिए ही जाने जाते रहे हैं। प्रदेश में अन्य सरकारों में जब लाठी नही चटकती थी, तब स्वतंत्र जी लाठी जरूर चटका देते थे।”(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: