Politics

सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन

वैष्णव को ओडिशा, मुरुगन को मध्यप्रदेश से मिला राज्यसभा का टिकट.भाजपा ने अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र और नड्डा को गुजरात से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

जयपुर : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के चुनाव के लिए बुधवार को यहां कांग्रेस उम्मीदवार के रुप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।श्रीमती सोनियां गांधी ने विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी एवं के सी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली आदि मौजूद थे।इससे पहले श्रीमती सोनिया गांधी ने पार्टी के विधायकों की बैठक में भी भाग लिया।

बैठक में कांग्रेसी नेताओं ने श्रीमती सोनिया गांधी को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर श्री डोटासरा ने कहा कि श्रीमती सोनिया सोनिया के राज्यसभा में नामांकन दाखिल करने से पार्टी काफी उत्साहित है। इससे कांग्रेस का मनोबल बढ़ेगा और उनके राज्यसभा में जाने से कांग्रेस को पार्टी को काफी बल मिलेगा। पार्टी राजस्थान में उनके एवं पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में काम कर आगामी लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। उल्लेखनीय है कि श्रीमती सोनिया गांधी वर्तमान में रायबरेली से सांसद है।राजस्थान से आगामी 27 फरवरी को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में तीन सीटों पर चुनाव होंगे।

इसके लिए पन्द्रह फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे तथा सोलह फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 20 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने दो उम्मीदवार श्री मदन राठौर एवं चुन्नी लाल गरासिया के रुप में घोषित कर चुकी हैं। इस चुनाव में विधानसभा में विधायकों की संख्या के अनुसार दो सीटों पर सत्तारुढ भाजपा एवं एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीतने की संभावना हैं। इस चुनाव में अगर तीन ही उम्मीदवारों के नामांकन करने पर यह चुनाव निर्विरोध भी सम्पन्न हो सकता है।

वैष्णव को ओडिशा, मुरुगन को मध्यप्रदेश से मिला राज्यसभा का टिकट

केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं श्री एल मुरुगन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा का टिकट दिया है और इस प्रकार से इनके लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना नगण्य हो गयी है।भाजपा ने मध्यप्रदेश और ओडिशा से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए आज पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें इन दोनों केन्द्रीय मंत्रियों के नाम शामिल हैं। पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को स्वीकृति प्रदान की है।

भाजपा ने मध्यप्रदेश से श्री एल मुरुगन को दोबारा टिकट दिया है जबकि अन्य तीन उम्मीदवार नये हैं। श्री उमेश नाथ महाराज, श्रीमती माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को टिकट दिया गया है जबकि ओडिशा से श्री अश्विनी वैष्णव को उतारा गया है।बताया गया था कि श्री वैष्णव को पार्टी ने ओडिशा की कटक लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाने के संकेत दिये थे और श्री वैष्णव ने तैयारी भी शुरू कर दी थी। इसी प्रकार से श्री मुरुगन को तमिलनाडु में उतारने के संकेत थे। हालांकि इन दोनों नेताओं को चुनावी प्रबंधन में अहम भूमिका दी जाएगी।(वार्ता)

राज्यसभा चुनाव में वैष्णव का समर्थन करेगा बीजू जनता दल

बीजू जनता दल ने केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओड़िशा से राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारी का समर्थन करने की घोषणा की है। बीजू जनता दल के अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को पत्र लिखकर कहा कि उनकी पार्टी ओड़िशा से राज्यसभा चुनाव में केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य में रेलवे और दूरसंचार क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को देखते हुए लिया गया है।उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी ने श्री वैष्णव को ओड़िशा से राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा ने अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र और नड्डा को गुजरात से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात से राज्यसभा का चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने बुधवार को अपने राज्यसभा उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर 7 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को गुजरात से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है तो वहीं हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है।

पार्टी ने नड्डा के साथ-साथ गोविंदभाई ढोलकिया, मयंकभाई नायक और डॉ. जशवंतसिंह सलामसिंह परमार को भी गुजरात से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, महाराष्ट्र से अशोक चव्हाण के साथ-साथ मेधा कुलकर्णी और अजीत गोपछड़े को भी राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है।बता दें कि इससे पहले भाजपा ने बुधवार सुबह आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की थी, जिसमें पार्टी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया एवं बंसीलाल गुर्जर को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया था।(वीएनएस )।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकनपत्र दाखिले की अंतिम तिथि 15 फरवरी

मध्यप्रदेश से राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव के लिए नामांकनपत्र दाखिले का कार्य गुरुवार को समाप्त हो जाएगा।निर्वाचन आयोग के अनुसार नामांकनपत्र दाखिले का कार्य आठ फरवरी को चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के साथ प्रारंभ हुआ है, हालाकि आज तक एक भी नामांकनपत्र पेश नहीं हुआ है। गुरुवार 15 फरवरी को नामांकनपत्र दाखिले का कार्य संपन्न होने के बाद अगले दिन 16 फरवरी को नामांकनपत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशियों की ओर से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 20 फरवरी रखी गयी है। आवश्यक हुआ तो मतदान 27 फरवरी को सुबह नौ बजे से अपरान्ह चार बजे तक कराया जाएगा और मतगणना भी उसी दिन शाम को होगी।

इस बीच राज्य में सत्तारुढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए आज चार प्रत्याशी घोषित कर दिए। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री डॉ एल मुरुगन को लगातार दूसरी बार मध्यप्रदेश से प्रत्याशी बनाया है। उज्जैन के संत समुदाय से आने वाले उमेशनाथ महाराज नए चेहरे के रूप में सामने आए हैं। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया और पार्टी के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस की ओर से बुधवार को सुबह तक कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है।राज्य विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या के आधार पर चार सीट भाजपा के खाते में जाना तय माना जा रहा है।

एक अन्य सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के विजयी होने की संभावना है। दो सौ तीस सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 163 और कांग्रेस के 66 विधायक हैं। एक अन्य विधायक कमलेश डोडियार सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के बैनर तले चुनाव जीते हैं।मध्यप्रदेश से भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद अजयप्रताप सिंह, कैलाश सोनी, धर्मेंद्र प्रधान और डॉ एल मुरुगन का कार्यकाल आगामी 02 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल भी अपना कार्यकाल 02 अप्रैल को पूरा कर लेंगे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button