
समाधान दिवस पर आये 76 मामले , 5 को मिली कारण बताओ नोटिस,अपर आयुक्त ने कहा गुणवत्ता पर रहे ध्यान
वाराणसी। अपर आयुक्त (प्रशासन) अजय कुमार सिंह ने कहाकि मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण हो। समयबद्घ ढंग से शिकायतकर्ता को न्याय मिलने के साथ प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी दिखेगा। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते व नसीहत दी। मंगलवार को पिंडरा तहसील के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर वे फरियादियो की समस्या को सुन रहे थे। इस दौरान अनेई ग्राम सभा के मुसहर बस्ती के एक दर्जन मुसहर बेचन के नेतृत्व में पहुचे और फरवरी माह में मुख्यमंत्री आवास के निर्माण के दौरान बकाये मजदूरी के लिए गुहार लगाई। शिकायत पत्र में ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ शोषण करने का आरोप लगाया। जिसपर बीडीओ बड़ागाँव को जांच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। सुरही के महेंद्र यादव ने भूदान की जमीन पर दबंगो द्वारा जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। जिसपर क्षेत्रीय कानूनगो से कार्यवाही करने का निर्देश दिया। वही सुरही के ही सहेंद्र ने कानूनगो व लेखपाल द्वारा गलत ढंग से किये गए पट्टे को निरस्त करने की मांग की । विन्दा गांव के ग्राम प्रधान छन्नू यादव ने ग्राम सभा की भूमि पर दबंगो द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की। जिसे तहसीलदार को जाँच करने का आदेश दिया। अपर आयुक्त प्रशासन ने अनुपस्थिति 5 अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। तहसील दिवस पर कुल 76 मामले आये जिसमे एक मामले का निस्तारण हो पाया। सम्पर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम जयप्रकाश, तहसीलदार रामनाथ, नायब तहसीलदार साक्षी राय, बीईओ अशोक कुमार सिंह, रमाकांत सिंह, प्रभारी बीडीओ आशीष सिंह , एसडीओ राहुल सिंह समेत अनेक अधिकारी रहे।



