Varanasi

शिव बारात मार्ग 48 घंटे में दुरुस्त होगा, लापरवाही पर कार्रवाई तय

वाराणसी में नगर निगम काशी ने ऐतिहासिक शिव बारात मार्ग को 48 घंटे में दुरुस्त करने का लक्ष्य तय किया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पैदल निरीक्षण के दौरान गंदगी, सीवर मलबा, खराब सड़कों और बंद स्ट्रीट लाइट पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीवर ओवरफ्लो रोकने, पैचवर्क तत्काल कराने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। शहीद उद्यान के पुनर्विकास में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

वाराणसी : नगर निगम काशी ने ऐतिहासिक शिव बारात के मार्ग को 48 घंटे के भीतर पूरी तरह दुरुस्त करने का लक्ष्य तय किया है। बुधवार को इसी क्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शिव बारात के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया और अव्यवस्थाएं देखकर कड़ा रुख अपनाया। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि 48 घंटे के भीतर सभी खामियां दूर की जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

शिव बारात मार्ग पर गंदगी और सीवर मलबे पर नाराजगी

महापौर ने लालकुटी व्यायामशाला से निरीक्षण की शुरुआत की। लालकुटी महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव से निकलने वाली शिव बारात के मार्ग पर जगह-जगह गंदगी, खुले सीवर और सड़कों पर पड़ा मलबा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीवर की सफाई के बाद मलबा सड़क पर छोड़ देना घोर लापरवाही है और इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
गौरी केदारेश्वर मार्ग पर गंदगी मिलने पर उन्होंने क्षेत्रीय सुपरवाइजर को तत्काल चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया।

सीवर, सड़क और स्ट्रीट लाइट पर सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह को निर्देश दिया कि शिव बारात के दौरान किसी भी हालत में एक भी सीवर मैनहोल ओवरफ्लो नहीं होना चाहिए। मुख्य अभियंता आर.के. सिंह को आदेश दिए गए कि जहां भी सड़कें उबड़-खाबड़ हैं या पैचवर्क की आवश्यकता है, उसे युद्धस्तर पर रातों-रात ठीक कराया जाए। इसके साथ ही प्रकाश विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि शिव बारात रूट पर एक भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए।

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा सर्वोपरि

महापौर रेवड़ी तालाब होते हुए गौरी केदारेश्वर महादेव तक पैदल पहुंचे और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शिव बारात के दौरान लाखों श्रद्धालु सड़कों पर रहते हैं। ऐसे में अंधेरा, टूटी सड़कें या खुले सीवर किसी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शहीद उद्यान के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शिव बारात मार्ग निरीक्षण के बाद महापौर सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क पहुंचे और वहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को परखा और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहीद उद्यान शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्क का सौंदर्यीकरण इस तरह हो कि स्थानीय नागरिकों, बच्चों और वरिष्ठजनों को इसका समुचित लाभ मिल सके।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद विजय द्विवेदी, रामगोपाल वर्मा, चंद्रनाथ मुखर्जी, शिव बारात के संयोजक अजय वर्मा सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर ने अंत में दोहराया कि शिव बारात काशी की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान है। इसकी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।

“क्यों महाशिवरात्रि की रात रूद्राभिषेक को माना गया है सर्वश्रेष्ठ”

पर्व-त्योहारों पर रंग में भंग डालने वालों की खैर नहीं, मुख्यमंत्री योगी की दो टूक-सख्ती से निपटें

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पेश किया योगी सरकार का रिकॉर्ड बजट, शिक्षा-स्वास्थ्य-कृषि को प्राथमिकता

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button