जलाधिवास व अन्नाधिवास के साथ श्री शनिदेव महाराज का हुआ अनुष्ठान
पांच दिवसीय अनुष्ठान का तीसरा दिन
दुद्धी,सोनभद्र- नगर के ऐतिहासिक शिवा जी मराठा तालाब पर नवनिर्मित मंदिर में श्री शनिदेव भगवान की स्थापना हेतु चल रहे पांच दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन जलाधिवास व अन्नाधिवास पूजन संपन्न हुआ। वाराणसी से पधारे प्रकाण्ड विद्वानों ने प्रातः 8 बजे ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शनिदेव का आह्वान कर, पूजन कार्यक्रम को गति प्रदान किया। भगवान के जलाधिवास अनुष्ठान में यजमान विजय कुमार के साथ ही नगर के दर्जनों सम्भ्रांत भक्तजन शामिल हुए।

मध्याहन विश्राम उपरांत अपराह्न दो बजे से अन्नाधिवास का अनुष्ठान प्रारम्भ हुआ।जिसमें नगर के सैकड़ो श्रद्धालुओं ने श्रद्धा पूर्वक अपने अपने घर से लाये अन्न प्रभु को समर्पित किया।लगभग चार घंटे तक विधि विधान के साथ चले अनुष्ठान में झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ डटी रही।अंत में आरती व प्रसाद वितरण के साथ तीसरे दिन का पूजन सम्पन्न हुआ।शनिवार को भगवान का नगर भ्रमण आदि अनुष्ठान सम्पन्न होगा।
अनुष्ठान को विधि विधान से सम्पन्न कराने में वाराणसी के आचार्य महेंद्रदेव पांडेय, पं. देवी प्रसाद पांडेय, पं. विजय प्रकाश दुबे ,बाबा रामकेवल दास, कल्याण मिश्रा, रुद्रशंकर तिवारी आदि लोग लगे रहे।वहीं व्यवस्था मंडल में चंद्रिका प्रसाद आढ़ती,भोलानाथ आढ़ती,राकेश श्रीवास्तव,डॉ प्रकाश चंद जायसवाल, प्रेमचंद आढ़ती, रूपेश जौहरी, संदीप कुमार गुप्ता,चेतन श्रीवास्तव, राकेश बड़का,आर्यन कुमार, शुभ आदि उपस्थित रहे।




