Sports

रांची ने अनपरा को 8 विकेटों के भारी अंतराल से हराया

नाबाद 38 रन और 3 विकेट अर्जित करने वाले रांची के एक्का बने मैन ऑफ द मैच

दुद्धी, सोनभद्र : भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शहर की टीम रांची ने लो स्कोर अनपरा की टीम को आठ विकेटों के भारी अंतराल से हराकर ईनामी क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत का सिलसिला शुरू किया। मैच की बावत जानकारी देते हुए सचिव अंकुर बच्चन ने बताया की मैच का टॉस रांची के कप्तान धीरेंद्र सिंह ने जीता।

मौसम की बेरुखी और पिच की नमी को भांप पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रांची के कप्तान का फैसला उस समय सार्थक होता हुआ नजर आया जब उनके गेंदबाज 20 ओवरों में अनपरा की पूरी टीम को 52 रनों पर समेट दिया। अनपरा के बल्लेबाजों में अजय ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। इसके अलावा अरबाज ने 9 तथा सौरव यादव ने सात रन बनाए। रांची की तरफ से घातक गेंदबाजी करते हुए सलामी गेंदबाज वैभव विशाल ने अपने 3.4 ओवर की गेंदबाजी में मात्र 10 रन खर्च कर तीन विकेट हासिल किया।

इसके अलावा आमोस एक्का ने चार ओवर की गेंदबाजी में 19 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। रौनक दुबे को दो, प्रीतम व गौरव पाल को एक-एक विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी रांची की टीम मात्र 5 ओवर में ही अपने दो विकेट खोकर जीत के निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। उद्घाटक बल्लेबाज अमोस एक्का ने 3 छक्का और 5 चौका लगाते हुए सर्वाधिक नाबाद 38 रनों की पारी खेली। इसके अलावा धनंजय ने दो चौके की मदद से 9 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए अनपरा के योगेंद्र एकमात्र गेंदबाज रहे जिन्हें दो विकेट हासिल हुआ।

मैच में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 38 रन तथा गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अर्जित करने वाले रांची के हरफनमौला खिलाड़ी आमोस एक्का को मैन ऑफ द मैच घोषित कर पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत दुद्धी राजकुमार अग्रहरि द्वारा पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर निशांत जौहरी व रितेश जायसवाल रहे। कमेंटेटर की भूमिका मोहम्मद शमीम अंसारी व इरफान खान ने निभाई। स्कोरिंग अयान व अयाज ने किया। साल का पहला दिन विश्राम का दिन कमेटी ने निर्धारित किया है। अगला मैच 2 जनवरी को दुर्गापुर कोलकाता और ओबरा के बीच मैच खेला जाएगा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button