National

कोरोना के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में भारत सबसे आगे : रामनाथ कोविंद

नई दिल्ली । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हमारे सामूहिक स्वास्थ्य एवं आर्थिक कल्याण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोविड-19 के खिलाफ निर्णायक और समन्वित प्रतिक्रिया देने के वैश्विक प्रयासों में भारत सबसे आगे रहा है। वर्चुअल माध्यम से एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि भारत सरकार की टीका मैत्री पहल के तहत भारत में निर्मित अत्यधिक किफायती टीके कई देशों में पहले ही पहुंच चुके हैं, जो `विश्व के औषधालय` के रूप में हमारी प्रतिष्ठा को फिर से मजबूत कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में चार देशों के नव नियुक्त राजदूतों के अलावा एक देश के उच्चायुक्त ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रपति कोविंद को अपने परिचय पत्र सौंपे। राष्ट्रपति ने अल सल्वाडोर गणराज्य, पनामा, ट्यूनीशिया, ब्रिटेन और अर्जेंटीना गणराज्य के राजदूतों और उच्चायुक्तों के परिचय पत्रों को स्वीकार किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इनमें अल सल्वाडोर गणराज्य के राजदूत गुइलेर्मो रूबियो फनेस, पनामा की राजदूत यासिल एलिंस बुरिलो रिवेरा, ट्यूनीशिया की राजदूत हायेत तालबी, ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस और अर्जेंटीना गणराज्य के राजदूत ह्यूगो जेवियर गोब्बी शामिल हैं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत के इन पांच देशों के साथ गर्मजोशी भरे मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और हमारे रिश्‍ते शांति एवं समृद्धि के समान दृष्टिकोण पर गहराई से आधारित हैं। उन्‍होंने इन राजनयिकों के संबंधित देशों की सरकारों का वर्ष 2021-22 के कार्यकाल के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद की अस्‍थायी सीट के लिए भारत की उम्‍मीदवारी का समर्थन करने के लिए शुक्रिया अदा किया।

अपने संबोधनों में इन राजनयिकों ने उन मजबूत साझेदारियों को रेखांकित किया जिसे उनके देशों ने भारत के साथ निभायी हैं। उन्होंने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के अपने नेतृत्व की प्रतिबद्धता को व्यक्त किया। इन राजदूतों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कोविड -19 के टीके उपलब्ध कराने के भारत के प्रयासों की भी सराहना की।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button