National

73वें सेना दिवस पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जवानों को दी बधाई, कहा- देश को गर्व है

नई दिल्ली । देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 73वें सेना दिवस पर देश के सभी वीर सैनिकों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उन बहादुरों को याद किया जिन्होंने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि यह देश उन सभी वीर सपूतों और उनके परिवार वालों का ऋणी रहेगा जिन्होंने इस देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया, “सेना दिवस पर भारतीय सेना के सभी सैनिकों को शुभकामनाएं. यह देश सैनिकों को उनके साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा याद करता रहेगा। हिंदुस्तान इन वीर सपूतों के परिवार वालों का भी सदैव ऋणी रहेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सेना दिवस पर सैनिकों को बधाई दी और कहा कि सशक्त, साहसी और संकल्पबद्ध सेना हमेशा राष्ट्र का सिर गर्व से ऊंचा करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 73वें सेना दिवस के अवसर पर ट्वीट किया, “मां भारती की रक्षा में हर पल मुस्तैद देश के पराक्रमी सैनिकों और उनके परिजनों को सेना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी सेना सशक्त, साहसी और संकल्पबद्ध है, जिसने हमेशा देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। देश वासियों की ओर से भारतीय सेना को मेरा नमन।”
मालूम हो वर्ष 1949 में आज ही के दिन भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जर्नल फ्रांसिस बुचर के स्थान पर तत्कालीन लेफ्टिनेंट जनरल के एम करियप्पा भारतीय सेना के कमांडर इन चीफ बने थे। इसलिए हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button