
कोरोना महामारी से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
लॉकडाउन की धज्जी उड़ाने वाले दुकानदारों की भी ली क्लास
दुद्धी, सोनभद्र- वैश्विक महामारी कोरोना के ले रहे विकराल रूप से अनभिज्ञ एवं लापरवाह लोगों को बा-खबर करने के लिए शनिवार को पुलिस ने पूरे नगर में पैदल मार्च की। पुलिस उपाधीक्षक दुद्धी रामआशीष यादव की अगुवाई में कोतवाल पंकज कुमार सिंह के साथ निकली पुलिस टीम ने बिना मतलब सड़क पर चहलकदमी करने वाले दर्जनों लोगों को रोककर ,कोरोना की भयावहता से रूबरू कराते हुए कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही हिदायत दिया कि पुनः सड़क पर अनावश्यक रूप से घूमते मिले तो महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
उधर चोरी छिपे आधी शटर खोलकर सामान बेचने की मिली शिकायत को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया। कोतवाल ने शुक्रवार से ही ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए, दर्जनों दुकानदारों को फटकार लगाई और कड़ी हिदायत दी।उन्होंने कहा कि चंद रुपयों के लिए जान जोखिम में डालने वाले इन लालची दुकानदारों को ये नही पता कि यह कृत्य करके अपने परिजनों की जान खतरे में डाल रहे हैं। न जाने किस ग्राहक के द्वारा कोरोना वायरस का संक्रमण उनके घर में भी दस्तक दे दे। दुद्धी की स्थिति पूरे जिले भर में ज्यादा चिंताजनक है।बावजूद इसके ये लापरवाही ठीक नही।उन्होंने ऐसे व्यापारियों के लिए कहा कि जीवन रहेगा तो बहुत अवसर कमाने के मिलेंगे।अभी इस विपदा को तो सलीके से निकल जाने दीजिए।




