UP Live

पुलिस स्मृति दिवस 2026: CM योगी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, यूपी पुलिस ने रिलीज की भावुक फिल्म ‘वर्दी’

पुलिस स्मृति दिवस 2026 पर लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिया। एक वर्ष में उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर यूपी पुलिस ने ‘वर्दी’ लघु फिल्म रिलीज की, जिसका निर्देशन तिग्मांशु धूलिया ने किया है। फिल्म शहीद जवानों के साहस, समर्पण और उनके परिवारों की भावनात्मक पीड़ा को दर्शाती है।

लखनऊ : पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्तव्य पालन के दौरान एक साल में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर सम्मानित किया और उनका कुशलक्षेम जाना। परिजनों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

शहीद परिवारों को सीएम योगी का भरोसा

शहीद प्रदीप कुमार की पत्नी मयूरी वर्मा ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि उनके पति जालौन में तैनात थे और वर्ष 2026 में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें लगातार सहयोग मिला है। इसके लिए उन्होंने विभाग का आभार जताया। मयूरी वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री  ने उनसे मुलाकात कर आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी परेशानी के दौरान उनके परिवार को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

मयूरी वर्मा ने बताया कि उनकी पेंशन शुरू हो गई है, नौकरी के लिए आवेदन किया जा चुका है और सहायता राशि भी मिल गई है। वहीं, शहीद रोहित यादव की पत्नी निशा यादव ने बताया कि उनके पति की एक कंपनी में आग लगने की घटना में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार को सम्मान दिया और उनकी पूरी बात सुनी।

एक साल में कर्तव्य निर्वहन के दौरान यूपी के छह जवान हुए शहीद

1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव तथा जालौन के उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल हैं। कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन वीर पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण पर प्रदेश का पुलिस बल गौरवान्वित है।

यूपी पुलिस की ‘वर्दी’ में दिखी शहादत की कहानी, अपनों को खोने का दर्द और देशसेवा का जज्बा

पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए ‘वर्दी’ शीर्षक से एक विशेष लघु फिल्म रिलीज की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में निर्मित यह फिल्म शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ उनके परिवारों के जीवन में बलिदान के बाद आए बदलावों और भावनात्मक पीड़ा को भी संवेदनशीलता से सामने लाती है। फिल्म को उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है।

फिल्म में कीर्ति चक्र से सम्मानित यूपी एसटीएफ के वीर शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अक्टूबर को स्व. सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था।

फिल्म शहीदों के परिवारों के मौन इंतजार और भावनात्मक संघर्ष को है दर्शाती

फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के बलिदान पर उनके परिवारों को गर्व तो होता है, लेकिन अपनों की अनुपस्थिति से पैदा हुआ खालीपन और पीड़ा भी जीवन का हिस्सा बन जाती है। फिल्म शहीदों के परिवारों के उस मौन इंतजार और भावनात्मक संघर्ष को दर्शाती है, जिसे अक्सर शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल होता है।

फिल्म का निर्देशन फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात निर्देशक, लेखक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया ने किया है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविजन अभिनेत्री अलका अमीन और नाज़िश ख़ान ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म का वॉयस ओवर और स्क्रिप्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में नियुक्त आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार किया है, जबकि क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के जनसंपर्क अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने किया है। फिल्म का निर्माण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से किया गया है। इसकी शूटिंग मुंबई में हुई है।

तिग्मांशु की ‘पान सिंह तोमर’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का मिला था पुरस्कार

तिग्मांशु धूलिया हिंदी सिनेमा में ‘हासिल’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘बुलेट राजा’ और ‘राग देश’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी निर्देशित फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला था। इसी फिल्म की पटकथा के लिए तिग्मांशु धूलिया और संजय चौहान को फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं, अमित साध ‘काई पो छे!’, ‘सुल्तान’, ‘गोल्ड’, ‘सरकार 3’ और ‘शकुंतला देवी’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इन्टू द शैडोज़’ जैसी वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। वरिष्ठ अभिनेत्री अलका अमीन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं और ‘दम लगा के हईशा’ तथा ‘बधाई हो’ जैसी फिल्मों में अपने संजीदा अभिनय के लिए जानी जाती हैं।

मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देकर शहीद हुए थे निरीक्षक सुनील कुमार

उल्लेखनीय है कि 20-21 जनवरी, 2025 की मध्यरात्रि को शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एसटीएफ टीम का नेतृत्व जारी रखा। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए थे। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण निरीक्षक सुनील कुमार 22 जनवरी, 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए। पुलिस स्मृति दिवस पर रिलीज की गई ‘वर्दी’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस ने वीर शहीदों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की गाथा जन-जन तक पहुंचाने के साथ पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया है।

यूपी पुलिस को योगी सरकार की सौगात, तीन भत्तों में बढ़ोतरी; जानिए किसे कितना मिलेगा

कबूतरों के लिए लगाई गईं जालियां काटीं, घर में मिले 100 से ज्यादा चूहे; जांच में बरामद हुईं दो बंदूकें

Related Articles

Back to top button