पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे की टीम ने भोजपुर को 6 विकेटों से हराया
आज पुनः भिड़ेगी एचपी सिंह क्रिकेट एकाडमी राबर्ट्सगंज से
दुद्धी, सोनभद्र : मैन ऑफ द मैच अरमान आलम की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की रेलवे टीम ने भोजपुर बिहार को 6 विकेटों से पराजित कर दूसरे चक्र में प्रवेश कर लिया। टीम अपना दूसरा मैच आज डॉ एचपी सिंह क्रिकेट एकाडमी के विरुद्ध खेलेगी। मैच की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष जबीं खान ने बताया कि मैच का टॉस भोजपुर के कप्तान पंकज कुमार ने जीता, और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने चार विकेट खोकर 168 रन बनाए। जिसमें पंकज ने पांच छक्के और चार चौकों की मदद से सर्वाधिक 59 व सचिन ने एक छक्का और 8 चौकों की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा रवि कुमार ने 8 चौके की मदद से 39 रन बनाए।
गेंदबाजी करते हुए रेलवे टीम के गेंदबाजों में योगेश ने चार ओवर में 43 रन देकर दो विकेट व आक़िफ़ तथा सत्यम को एक-एक विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी रेलवे की टीम ने 14.5 ओवर में ही अपने चार विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। फर्स्ट डाउन पर बैटिंग करने आए टीम के आक्रामक तबीयत के बल्लेबाज अरमान ने 8 छक्के व 3 चौकों की मदद से मात्र 26 गेंद पर 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उद्घाटक बल्लेबाज जीत पटेल ने आठ चौके की मदद से 36 रन, दिलीप यादव ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 23, मोहम्मद आक़िफ़ ने चार चौकों की मदद से 16 रन बनाये।
गेंदबाजी करते हुए भोजपुर बिहार के बालरों में सचिन ने दो, शाहबाज और पंकज ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस प्रकार रेलवे की टीम जीत दर्ज करते हुए भोजपुर बिहार को 6 विकेटों से हरा दिया। रेलवे की टीम अपना दूसरा मैच शुक्रवार को डॉ एसपी सिंह प्रकाश क्रिकेट अकादमी के खिलाफ खेलेगी। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले रेलवे की टीम के खिलाड़ी अरमान को मैन ऑफ द मैच घोषित कर सीएचसी के अधीक्षक डॉ शाह आलम अंसारी के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर रितेश व अनुराग चौरसिया रहे। कमेंट्री मु. शमीम अंसारी एवं अंसार अहमद ने किया। स्कोरिंग अयान व अयाज तथा स्कोर बोर्ड पर सन्नी मुस्तैद रहे।



