
निगेटिव कोरोना रिपोर्ट के बाद ही इन राज्यों के लोगों को दिल्ली में मिलेगी एंट्री
कोरोना अपडेट : 24 घंटे में सामने आए 13,742 नए मामले, 104 लोगों ने गंवाई जान
नई दिल्ली । महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब के यात्रियों को 26 फरवरी से 15 मार्च तक दिल्ली में प्रवेश करने के लिए कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। उसी के बाद वह दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे। इन राज्यों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है। खबरों के अनुसार महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब से ट्रेन, फ्लाइट या बस से आने वाले यात्रियों को दिल्ली में प्रवेश करने के लिए पहले निगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखानी होगी। फिलहाल शनिवार से 15 मार्च तक के लिए यह नियम लागू किया गया है।
इस मामले में आधिकारिक आदेश आज जारी किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली सरकार ने ऐहतियात के तौर पर यह फैसला लिया है क्योंकि पिछले हफ्ते कोरोना वायरस के 86 प्रतिशत केस इन्हीं राज्यों से सामने आए हैं। इन राज्यों के अधिकारियों से दिल्ली के लिए फ्लाइट उड़ान से पहले यात्रियों का 72 घंटे पहले किया गया कोरोना वायरस परीक्षण की निगेटिव रिपोर्ट को सत्यापित करने के लिए कहा जाएगा। नए नियम शुक्रवार मध्य रात्रि से 15 मार्च दोपहर 12 बजे तक के लिए लागू किये गए हैं। गौरतलब है कि देश में कोरोना के कुल केसों के 75% केस अकेले केरल और महाराष्ट्र में हैं और पिछले कुछ दिनों में यहां कोरोना के केसों में और वृद्धि देखने को मिली है।
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट और बढ़ोतरी का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13,742 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 1.10 करोड़ के पार चला गया है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को कोरोना के मामलों में हल्का उछाल है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 13,742 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमण मरीजों का कुल आंकड़ा 1,10,30,176 हो गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में 104 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। पिछले 24 घंटे में 104 मरीजों की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,56,567 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1,07,26,702 है। पिछले 24 घंटे में 14,037 मरीज कोरोना वायरस से ठीक होकर अपने घर वापस लौटे हैं।
वहीं, देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या लगातार दो लाख से नीचे बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के संक्रमित मामलों से ज्यादा कोरोना से ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा है। पिछले कई दिनों से देश में कोरोना के सक्रिय मामले दो लाख से कम आ रहे हैं। मौजूदा समय में भी 1,46,907 सक्रिय मामले ही दर्ज किए गए हैं। इसका मतलब यह हुआ कि 1.46 लाख लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा टीकाकरण अभियान की बात करें तो देश में अब तक एक करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लग चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 1,21,65,598 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।



