Arts & Culture

देव दीपावली से पहले काशी में बहेगी सुरों की गंगा, नमो घाट पर सजेगा चार दिवसीय महोत्सव

वाराणसी के नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। देव दीपावली से पहले आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में राघव एवं प्राची की भजन क्लबिंग, लोक गायिका कल्पना पटवारी और भजन गायक कुमार सत्यम मुख्य आकर्षण होंगे। महोत्सव में शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत, कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी और ब्रज लोकनृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी सहित देशभर के कलाकार काशी की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देंगे।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के प्रयासों के बीच देव दीपावली से पहले गंगा के पावन तट पर संगीत, नृत्य और लोक कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का शुभारंभ 20 नवंबर को नमो घाट पर होगा। 23 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से काशी की सांस्कृतिक परंपरा को सुरों के रंगों से सजाएंगे। गंगा की लहरों के बीच शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत और विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां महोत्सव को खास बनाएंगी।

भजन क्लबिंग के नए अंदाज से होगा महोत्सव का आगाज

इस वर्ष महोत्सव का खास आकर्षण भजन गायन की आधुनिक शैली होगी। पहले दिन भजन गायक राघव एवं सुश्री प्राची ‘काशी भजन क्लबिंग : एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम’ कार्यक्रम के जरिए श्रोताओं को भक्ति और आधुनिक संगीत का नया अनुभव कराएंगे। बैकस्टेज सिबलिंग्स के साथ उनकी प्रस्तुति में पारंपरिक भजनों को आधुनिक कॉन्सर्ट, इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और लाइट्स के साथ पेश किया जाएगा। भजन जैमिंग और भजन क्लबिंग का यह प्रयोग खासकर युवा पीढ़ी और जेन-जी को भक्ति संगीत से जोड़ने का प्रयास है। पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत डमरू एवं शंख दल के वादन से होगी।

कल्पना पटवारी के लोकगीत और कुमार सत्यम के भजन होंगे खास आकर्षण

महोत्सव के दूसरे दिन 21 नवंबर को नीलेश एवं निकेश कुमार मलिक का भजन गायन प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही दिनभर गायन, कथक और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। 22 नवंबर को लोक गायिका कल्पना पटवारी अपनी सुरीली आवाज में लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। भोजपुरी और लोक संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाली कल्पना पटवारी की प्रस्तुति महोत्सव में लोक संस्कृति के रंग बिखेरेगी। अंतिम दिन 23 नवंबर को भजन गायक कुमार सत्यम अपने भजनों से श्रद्धा और भक्ति का भाव जगाएंगे। सूफी, भजन और गजल गायन के लिए पहचाने जाने वाले कुमार सत्यम की प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए खास होगी।

शास्त्रीय संगीत से लोकनृत्य तक दिखेगी सांस्कृतिक विविधता

चार दिनों तक नमो घाट का मंच शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और लोक संगीत की विभिन्न विधाओं से सजेगा। गायन और वादन के साथ कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी तथा ब्रज के लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी। पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी, काशी रस वाद्य वृंद और विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव को विशेष स्वरूप देंगी। काशी सांसद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता के प्रमुख कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस तरह महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ देशभर की सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।

मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि देव दीपावली से पहले काशी के घाटों पर संगीत, नृत्य और लोक कलाओं की सांगीतिक सरिता बहेगी। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में देशभर के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से काशी की सांस्कृतिक परंपरा को और भव्य बनाएंगे। महोत्सव में भक्ति, लोक और शास्त्रीय संगीत के साथ विभिन्न नृत्य शैलियों का संगम देखने को मिलेगा।

काशी गंगा महोत्सव : कलाकार और उनकी प्रस्तुतियां

20 नवंबर, 2026 | सायं 7 बजे

– डमरू एवं शंख दल – वादन
– राघव एवं सुश्री प्राची – काशी भजन क्लबिंग, बैकस्टेज सिबलिंग्स

21 नवंबर

– श्री अमलेश शुक्ला – गायन
– सुश्री आस्था शुक्ला – गायन
– श्री विकास मिश्र – गायन
– सुश्री वर्षा तिवारी – लोक गायन
– सौरभ-गौरव मिश्र – कथक नृत्य
– सुश्री प्रियंका सहवाल – शास्त्रीय गायन
– आदित्य सारस्वत – गायन
– सुश्री सोनी सेठ – कथक
– श्री सुजीत तिवारी – लोक गायन
– पं. जयंत खोत – शास्त्रीय गायन
– सुश्री अदिति शर्मा – कथक
– डॉ. श्वेता कुमारी – गायन
– डॉ. ऋषि मिश्र – शास्त्रीय गायन
– श्री नीरज मिश्र (त्रिशूल बैंड) – समूह वादन
– सुश्री वर्षा मिश्रा – कथक
– श्री नीलेश एवं निकेश कुमार मलिक – भजन गायन

22 नवंबर

– सुश्री सरिता सेठ – लोक गायन
– श्री अरुण कुमार मिश्र – गायन
– डॉ. जान्हवी पाण्डेय – लोक गायन
– श्री रविशंकर मिश्र एवं डॉ. ममता टंडन – कथक
– सुश्री स्नेहा अवस्थी – भजन गायन
– सुश्री अवंतिका महाराज – तबला वादन
– सुश्री रंजना राय – लोक गायन
– पं. अनूप मिश्र एवं आर्यन मिश्र – शास्त्रीय युगल गायन
– श्री रुद्र शंकर – कथक
– श्री अंशुमान महाराज – काशी रस वाद्य वृंद
– सुश्री जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी – लोक नृत्य
– सुश्री अपर्णा यादव – भजन गायन
– सुश्री सुरभि सिंह – कथक
– सुश्री तृप्ति नागर एवं समूह – ब्रज लोकनृत्य एवं संगीत
– सुश्री कल्पना पटवारी – लोक गायन

23 नवंबर

– श्री विशाल मिश्र, सागर – लोक गायन
– श्री गौरव मिश्र – भजन गायन
– सुश्री नम्रता मिश्र – शास्त्रीय गायन
– श्री शेर सिंह राठौर – लोक गायन
– श्री पंकज कुमार मिश्र – शास्त्रीय गायन
– सुश्री सुहानी भट्टाचार्य – भरतनाट्यम
– पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र – ताल वाद्य कचहरी
– सुश्री खुशबू पांचाल – कथक
– श्री आशुतोष श्रीवास्तव – भजन गायन
– सुश्री ब्रतति चौधुरी – कथक, ओडिसी एवं भरतनाट्यम
– सुश्री स्वाति आत्मनाथन एवं समूह – भरतनाट्यम (वाराणसी वर्णन)
– श्री कुमार सत्यम – भजन गायन

कैबिनेट के बड़े फैसले: डीप टेक हब से महिला सुरक्षा तक, विकास और सशक्तीकरण को मिलेगी नई गति

‘रामभक्तों के खून से सने हैं सपा-कांग्रेस के हाथ’, योगी ने विपक्ष को घेरा, राहुल गांधी पर भी बरसे

Related Articles

Back to top button