
काशी में ‘नो फ्यूल डे’ अभियान की शुरुआत, महापौर पैदल पहुंचे नगर निगम कार्यालय
वाराणसी में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘नो फ्यूल डे’ अभियान की शुरुआत हो गई है। महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को पैदल नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जबकि भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बाइक से कार्यालय पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुई इस पहल को जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत सप्ताह में एक दिन निजी वाहनों का उपयोग न करने की अपील की गई है।
वाराणसी : काशी से एक बार फिर पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायी संदेश निकला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के आह्वान को अमलीजामा पहनाते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को अपने आवास से पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे। महापौर को सड़क पर पैदल चलते देख लोग उनकी सादगी और संकल्प की सराहना करते नजर आए।
नगर निगम में बीते बुधवार को सामूहिक निर्णय लिया गया था कि हर शनिवार को ‘नो फ्यूल डे’ मनाया जाएगा। हालांकि, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रतिदिन पैदल दफ्तर आने का जो संकल्प लिया था, उसका अनुपालन उन्होंने गुरुवार से ही शुरू कर दिया। उनके साथ कुछ समर्थक और पार्षद भी इस मुहिम में शामिल दिखे।
अधिकारियों और पार्षदों में भी उत्साह
महापौर की इस पहल का असर निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी दिख रहा है। शनिवार को होने वाले ‘नो फ्यूल डे’ के लिए पार्षदों ने अभी से साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों की तैयारी कर ली है। महापौर ने अपील की है कि नगर निगम के सभी कर्मचारी भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का त्याग करें।
”प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के हित में ईंधन बचाने का आह्वान किया है। काशी का प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा यह कर्तव्य है कि मैं स्वयं इसकी शुरुआत करूँ। जब तक आवश्यक न हो, मैं पैदल चलकर ही जनता की सेवा और दफ्तर के कार्य निपटाऊंगा।”
-अशोक कुमार तिवारी, महापौर
सुंदरपुर आवास से रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय तक बाइक से पहुंचे दिलीप पटेल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए देशवासियों से ईंधन बचत के आवाहन के बाद अब इसका असर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता निजी वाहनों के बजाय साइकिल, सार्वजनिक परिवहन या वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की पहल कर रहे हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने भी प्रधानमंत्री की अपील को व्यवहारिक रूप देते हुए अपने सुंदरपुर स्थित आवास से रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय तक बाइक से पहुंचकर ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष की इस पहल को कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यालय पहुंचने पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि यदि सभी नागरिक प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी मात्रा में तेल की बचत करें तो यह राष्ट्रहित में बड़ा योगदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे जहां ईंधन की खपत कम होगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों का उपयोग न कर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं। उन्होंने कहा कि पास की दूरी तय करने के लिए साइकिल या पैदल चलना न केवल ईंधन बचत करेगा बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा रही कि काशी क्षेत्र के मुखिया दिलीप पटेल की इस पहल का संदेश संगठन के निचले स्तर तक पहुंचेगा और आने वाले समय में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी चार पहिया वाहनों के स्थान पर दोपहिया या वैकल्पिक साधनों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
शिवपुर स्थित रामभट्ट तालाब स्थित तीन पांचों धर्मशालाओं से अवैध कब्जा मुक्त



