
वाराणसी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी:घर में घुसकर मां-बेटे और बेटी की हत्या
दामाद पर हत्या की आशंका
रोहनिया,वाराणसी । राजातालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्कीपुर गांव में घर में घुसकर मां-बेटा और बेटी की निर्मम हत्या कर दी गयी। हत्या का शव दामाद अरविंद गुप्ता पर है क्योंकि घटना के बाद से उसका मोबाइल आॅफ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं इस मामले में एक अन्य नाम सामने आने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पूछताछ के लिए उठाया।
ट्रिपल मर्डर की सूचना पर एडिशनल सीपी अपराध एवं मुख्यालय संतोष कुमार सिंह, डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेसिंक टीम को बुलाकर सुराग जुटाए गये। एडिशनल सीपी संतोष कुमार सिंह, डीसीपी विक्रांत वीर और एसीपी ने बताया कि घटना का जल्द ही पर्दाफाश किया जायेगा। हिरासत में लिए गये व्यक्ति पर मृतका रानी गुप्ता से अवैध संबन्ध का आरोप है।
जानकारी के अनुसार राजातालाब थाना के मिल्कीपुर गांव में रानी गुप्ता (50) अपने पति भोलानाथ गुप्ता से छह साल से अलग रहती थी। रानी का भोलानाथ से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। भोलानाथ और उसका बड़ा बेटा दीपक मिल्कीपुर से कुछ दूर पनियरा गांव में रहते हैं।ग्रामीणों की मानें तो दो दिन से रानी के घर में कोई हलचल नहीं थी। गुरुवार को पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी तो रानी (50), उसकी बेटी पूजा गुप्ता (28) और छोटे बेटे मोहन (24) का लहूलुहान शव घर में जमीन पर पड़ा मिला।
पुलिस की मानें तो रानी कुछ सालों से अपने पति और बड़े बेटे से अलग रहती थी। उसकी शादीशुदा बेटी पूजा उसके घर आती-जाती रहती थी। पूजा की शादी वंदेपुर गांव निवासी अरविंद गुप्ता के साथ हुई है। दामाद का भी रानी के घर पर आना-जाना लगा रहता था। बुधवार को आखिरी बार उसे देखा गया। महिला के पति और बड़े बेटे ने दामाद पर हत्या की शंका जताई है। मृतका के पति भोला नाथ गुप्ता का आरोप है कि उनकी पत्नी का एक व्यक्ति अवैध संबन्ध है।
ऐसे में क्राइम ब्रांच ने उक्त व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं आरोपी दामाद का मोबाइल बंद है और वह घर से गायब है। एडिशनल सीपी ने बताया कि घटना का जल्द ही खुलासा पुलिस करेगी।



