UP Live

मखाने की खेती:18 जिलों के किसानों को मिलेगा 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान

लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज सहित प्रत्येक चिह्नित जनपद में 10 हेक्टेयर मखाना उत्पादन का लक्ष्य

लखनऊ : योगी सरकार ने मखाने की खेती को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू की है। इसके तहत तहत किसानों को प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जायेगा। प्रदेश के 18 जिलों में योजना की शुरूआत की गई है। इसमें उद्यान विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के नवान्मेषी कार्यक्रम के अंतर्गत कार्य किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है।

किसानों को कराना होगा पंजीकरण

योगी सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मखाना खेती की विभाग द्वारा अनुमन्य इकाई की लागत 80 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर है। इसमें सरकार 50 प्रतिशत यानी 40 हजार रुपये का अनुदान देगी। इसके लिए किसानों को जिला उद्यान अधिकारी के पास पंजीकरण कराना होगा।

चिह्नित जनपदों में 10 हेक्टेयर मखाना उत्पादन का लक्ष्य

योजना के तहत प्रत्येक चिह्नित जनपदों में 10 हेक्टेयर मखाना उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इससे प्रदेश में कुल 180 हेक्टेयर में मखाने की खेती होगी। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, सीतापुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बलिया, कुशीनगर, महाराजगंज, मिर्जापुर, बरेली में इस योजना को लागू किया जा रहा है। इन जिलों में मखाने की खेती के लिए उपयुक्त जलवायु और संसाधन उपलब्ध हैं। यहां तालाबों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति मखाना उत्पादन के लिए अनुकूल है।

Related Articles

Back to top button