दानगंज,वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के बेला ग्राम स्थित सराफा की दुकान पर बुधवार रात चोर नगदी, गहने समेत लाखों रुपए के सामान उठा ले गये। दुकान में रखी अलमारी को चोर दुकान के पीछे खेत में ले जाकर तोड़ा और गहने व नकदी निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर खुर्द निवासी अभिषेक सेठ की बेला बाजार के समीप पायल आभूषण भंडार के नाम से सराफा की दुकान है। बुधवार शाम अभिषेक दुकान बंद कर अपने चौबेपुर खुर्द स्थित घर चला गया। गुरुवार की सुबह मकान मालिक ने चोरी की सूचना उसे फोन पर दी। अभिषेक दुकान पर पहुंचा और देखा कि चोरी हुई और आलमारी दुकान से लगभग 100 मीटर दूर खेत में टूटी अवस्था में मिला। गहनों के डब्बे खेत में पड़े मिले।
सूचना मिलने पर एसएचओ चोलापुर दुर्गेश मिश्रा मयफोर्स पहुंचे। डाग स्क्वायड दुकान से थोड़ी दूर एक बस्ती में जाकर रुक गया। जहां से कुछ मजदूर वर्ग के लोगों को पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। भुक्तभोगी अभिषेक सेठ के अनुसार दुकान में रखा हुआ 25 ग्राम सोने के जेवर तथा लगभग 1.5 किलो चांदी का सामान व पचास हजार नगदी समेत लगभग तीन लाख का सामान चोर उठा ले गए।



