Sports

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: कैच पकड़ने से लेकर-शतक जमाने तक, जानिये सभी रिकार्ड्स

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला 18 जून से साउथैंप्टन में खेला जाना है। इस मैच के लिए दोनों टीमों के स्क्वॉड की भी घोषणा हो गई है। भारतीय कप्तान विराट कोहली के सामने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन होंगे। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जायेगा। इस मैच को टेस्ट क्रिकेट का वर्ल्ड कप फाइनल कहा जा रहा है और ऐसा माना जा रहा है कि दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान विदेशी जमीन पर रिकॉर्ड न्यूजीलैंड से बेहतर रहा है।

टीम इंडिया का रहा शानदार प्रदर्शन

वहीं दूसरी तरफ इस टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत अच्छी रही थी। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को उसके घर में हराकर पूरे अंक हासिल किए थे। इसके बाद टीम इंडिया ने घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 3-0 और बांग्लादेश को 2-0 से हराया था।

हालांकि, टीम इंडिया को 2020 में न्यूजीलैंड में (0-2) से टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज के बाद दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण कुछ समय के लिए क्रिकेट गतिविधियां ठप्प हो गई थीं। इसके बाद 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज टीम इंडिया के लिए काफी अहम थी, जहां उसने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में 2-1 से हराकर सीरीज जीती। भारत ने डब्ल्यूटीसी साइकिल के दौरान तीन सीरीज घर से बाहर खेली, जहां दो में उसे जीत मिली।

खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड ने की वापसी

न्यूजीलैंड ने डब्ल्यूटीसी के दौरान 2019 से 2021 तक पांच सीरीज खेली हैं, जिसमें से उसने भारत, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में सीरीज जीती और अंक प्रतिशत के आधार पर डब्ल्यूटीसी के फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, कीवी टीम की शुरुआत इस चैंपियनशिप में अच्छी नहीं रही थी। केन विलियमसन की कप्तानी वाली इस टीम की 2019 में श्रीलंका में हुई सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी जबकि 2019-20 सत्र में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों क्लीन स्वीप (0-3) का सामना करना पड़ा था।

एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की एक पारी में किसी टीम द्वारा बनाया गया सर्वाधिक टोटल न्यूजीलैंड के नाम पर दर्ज है। न्यूजीलैंड ने जनवरी 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ 6 विकेट खोकर 659 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। न्यूजीलैंड ने यह मैच एक पारी और 176 रन से जीता था। न्यूजीलैंड के बाद इस लिस्ट में श्रीलंका है, जिसने बांग्लादेश के खिलाफ अप्रैल 2021 में 6 विकेट खोकर 648 रन बनाकर पारी घोषित की थी। यह मैच ड्रॉ रहा था। सर्वाधिक टीम टोटल की इस सूची में तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः दक्षिण अफ्रीका और भारत हैं, जिन्होंने क्रमशः 620 और 601 रन बनाए हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2019 में पुणे टेस्ट में 601 रन बनाए थे। भारत ने यह मैच एक पारी और 137 रनों से जीता था।

शीर्ष रन स्कोरर हैं लाबुशेन

डब्ल्यूटीसी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज मार्कस लाबुशेन हैं। लाबुशेन ने डब्ल्यूटीसी के दौरान 2019 से 2021 तक कुल 13 मैचों की 23 पारियों में 72.82 की औसत से कुल 1,675 रन बनाए हैं। इस दौरान 215 रन उनका शीर्ष निजी स्कोर रहा। इसके बाद इस सूची में जो रूट का नाम आता है, जिन्होंने 20 मैचों की कुल 37 पारियों में 47.42 की औसत से 1660 रन बनाए हैं। भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे हैं। रहाणे ने रहाणे ने 17 टेस्ट की 28 पारियों में तीन बार नाबाद रहते हुए 1095 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और छह अर्धशतक शामिल है। रहाणे की औसत 43.80 और स्ट्राइक रेट 47.25 का रहा। रहाणे डब्ल्यूटीसी में 1,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।

कमिंस का करिश्माई प्रदर्शन

डब्ल्यूटीसी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस हैं। कमिंस ने 14 मैचों की 28 पारियों में 2.64 की इकोनॉमी से कुल 70 विकेट लिए हैं। उनके बाद इस सूची में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड हैं, ब्रॉड ने इस अवधि में 69 विकेट झटके हैं। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 67 विकेट के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

जमकर बोला है लाबुशेन का बल्ला

डब्ल्यूटीसी में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के लाबुशेन के नाम हैं। लाबुशेन ने इस अवधि में 5 शतक जड़े हैं। उनके बाद इस सूची में रोहित शर्मा(भारत), स्टीव स्मिथ(ऑस्ट्रेलिया), बेन स्टोक्स(इंग्लैंड), बाबर आजम(पाकिस्तान) और करुणारत्ने(श्रीलंका) हैं। इन सभी बल्लेबाजों ने डब्ल्यूटीसी में 4-4 शतक लगाए हैं।

कैच पकड़ने में रूट सबसे आगे

सर्वाधिक कैच पकड़ने वालों की सूची में जो रूट शीर्ष पर हैं, जिन्होंने कुल 34 कैच पकड़े हैं। रूट के बाद इस लिस्ट में स्टीव स्मिथ(27 कैच), बेन स्टोक्स(25 कैच), अजिंक्य रहाणे (22 कैच) और रोस टेलर (18 कैच) हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button