सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा पिशाचमोचन कुंड, बनेगा ओपन जिम
वाराणसी के पौराणिक जलस्रोतों, कुंडों और तालाबों के संरक्षण को लेकर नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड, पितरकुंडा तालाब और राम कुंड का निरीक्षण किया। पिशाचमोचन में CCTV, प्रकाश व्यवस्था और ओपन जिम, जबकि राम कुंड व पितरकुंडा में दीवार, रेलिंग, गेट, पेंटिंग और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
वाराणसी : शहर के पौराणिक जलस्रोतों, तालाबों, कुंडों व कुओं के अस्तित्व को बचाने और उनके जीर्णोद्धार को लेकर नगर निगम के पूरी तरह गंभीर है। जलस्रोतों को संरक्षित करने के दृष्टि से पौराणिक कुंडों के पानी के शोधन और सफाई के साथ-साथ उनके सुंदरीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पिशाचमोचन कुंड की सुरक्षा व जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तालाब के किनारे प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
इस क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड, पितरकुंडा तालाब और राम कुंड तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कुंडों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और सभी अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने पिशाचमोचन कुंड पर ओपन जिम, सीसीटीवी और लाइटें लगाने के निर्देश दिए, वहीं राम कुंड परिसर में पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई दीवार के स्थान पर मजबूत आरसीसी दीवार के निर्माण, रेलिंग की मरम्मत और पेंटिंग कराने को कहा। इसके साथ ही पितरकुंडा तालाब पर भव्य प्रवेश द्वार (गेट) के निर्माण, रेलिंग लगाने, पेंटिंग और समूचे परिसर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हरियाली और जल विहार के बीच स्वर्णमयी आसन पर विराजे बाबा बटुक भैरव



