
यादों में हमेशा जीवंत रहेगा कर्मयोगी अमरदीप- राकेश श्रीवास्तव
कोरोना काल में असमय काल कवलित होने वालों को दी गयी श्रद्धांजलि
दुद्धी, सोनभद्र- अपने सद्व्यवहार से हर किसी को जीत लेने वाले बेहद हंसमुख युवा अमरदीप की मौत से लोग उबर नही पा रहे।जगह जगह उसकी ही चर्चा एवं संवेदना व्यक्त करने का क्रम जारी है। गुरुवार को श्री संकट मोचन चौक पर विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति की अगुवाई में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।जिसमें अमरदीप के साथ ही कोरोना काल में असमय काल कवलित होने वाले दर्जनों पुण्य आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गयी।
क्लब के संरक्षक अधिवक्ता राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि अमरदीप विकास क्लब का सच्चा एवं जिम्मेदार कर्मयोगी था।काल के चक्र ने सड़क दुर्घटना में उसे हमसे छीन लिया है।उसका हमारे बीच से जाना क्लब एवं समाज हित में अपूर्णीय क्षति है। बावजूद इसके अमरदीप हम सबके यादों में हमेशा जीवंत रहेगा। अध्यक्ष रूपेश जौहरी ने कहा कि हमने अपने क्लब का अनमोल नगीना खो दिया है।उसकी कमी हमेशा खलेगी।अन्य वक्ताओं ने अमरदीप के सद्व्यवहार एवं उसके कर्मठता की चर्चा करते हुए कहा कि बेहद हंसमुख एवं मां बाप का इकलौता चिराग था। उसका निधन परिवार एवं समाज के लिए काफी पीड़ादायक है।अंत में अमरदीप के साथ ही कोरोना काल में असमय प्राण गंवाने वाले दर्जनों पुण्य आत्माओं की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर, दुःख की इस घड़ी में परिवार को सहन शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस मौके पर देवेश मोहन ,विष्णु अग्रहरि, रविशंकर जायसवाल, रविन्द्र जायसवाल, राजेश कसेरा,दीपक जायसवाल, अनिल कुमार, ऋषभ मिश्रा, धनंजय कुमार,संदीप कुमार, रुपेश कुमार, दिनेश कुमार एड., गोलू समेत कई लोग शामिल रहे।



