Sports

भारत 2036 ओलंपिक के लिए बोली लगाने को तैयार, G20 बनेगा आवाज

भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए बोली लगाने को तैयार है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का इस संबंध में बयान आया है। उन्होंने कहा कि भारत 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाएगा। उन्होंने कहा कि सितंबर 2023 में मुंबई में IOC सत्र के दौरान अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के पूर्ण सदस्यों के समक्ष इसके लिए एक रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्होंने इशारा भी कर दिया कि अगर इसकी मेजबानी भारत को मिलती है तो गुजरात का अहमदाबाद शहर ही इसका प्रमुख मेजबान शहर होगा।

गौरतलब हो, आगामी समय में भारत में इस बड़े आयोजन के लिए G20 भारत की आवाज बन सकता है। इसके मायने यह हुए कि भारत G20 की मेजबानी सफलतापूर्वक संभाल सकता है तो भारत ओलंपिक की मेजबानी का प्रबल दावेदार भी बन सकता है। फिलहाल, भारत साल 2023 में होने जा रहे G20 शिखर सम्मेलन की युद्धस्तर की तैयारियां में जुटा हुआ हैं। इसके लिए देशभर में विकास एवं निर्माण कार्य जारी हैं।

’ओलंपिक’ की मेजबानी के सपने को साकार करने के हो रहे प्रयास

गौरतलब हो, भारत ‘ओलंपिक’ की मेजबानी के सपने को साकार करने की पुरजोर प्रयास भी कर रहा है। धरातल पर इसके लिए भी तेजी से निर्माण कार्य जारी हैं। जी हां, G20 के निर्माण कार्यों से अलग हटकर भारत जो बड़ा कार्य कर रहा है वो है ओलंपिक की दावेदारी की तैयारी, जिसके लिए भारत देश में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने में लगा है।

गुजरात के शहरों में इंफ्रास्ट्रकचर हो रहा तैयार

ज्ञात हो, भारत ने अब तक ओलंपिक की मेजबानी नहीं की है लेकिन इसके आयोजन के लिए अहमदाबाद और गुजरात के बाकी शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 2036 में ओलंपिक खेल भारत में हो सकते हैं।

इसका संकेत स्वयं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी दे चुके हैं। जी हां, उन्होंने इस संबंध में कहा है कि भारत साल 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाएगा। सितंबर 2023 में मुंबई में IOC सत्र के दौरान अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के पूर्ण सदस्यों के समक्ष एक रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा।

ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने का यही होगा सही समय

इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि “हां, भारत इसके लिए सकारात्मक रूप से बोली लगाने के लिए तैयार है। हमारे पास ‘नहीं’ कहने का कोई कारण नहीं है। यदि भारत खेलों को बढ़ावा देने के लिए इतना प्रयास कर रहा है, तो मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि हम न केवल ओलंपिक की मेजबानी करेंगे, बल्कि हम इसकी बड़े पैमाने पर मेजबानी करेंगे। खेलों की मेजबानी करने का यह सही समय है। यदि भारत मैन्युफैक्चरिंग से लेकर सर्विस तक हर क्षेत्र में खबर बना रहा है, तो खेल में क्यों नहीं? भारत 2036 के ओलंपिक के लिए बोली लगाने पर बहुत गंभीरता से विचार कर रहा है।”

G20 बनेगा आवाज

इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि “अगर भारत इतने बड़े पैमाने पर G20 की अध्यक्षता कर सकता है, तो मुझे यकीन है कि सरकार IOA के साथ देश में ओलंपिक की मेजबानी करने में सक्षम होगी। हम सभी जानते हैं कि 2032 तक स्लॉट बुक हैं। लेकिन 2036 के बाद से हमें उम्मीदें हैं और मुझे यकीन है कि भारत ओलंपिक के लिए पूरी तरह से तैयारी करेगा और बोली लगाएगा।

अहमदाबाद पर दांव

ऐसे में तस्वीर साफ है कि अब सरकार खेलों की मेजबानी के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की बोली का समर्थन करेगी और गुजरात का अहमदाबाद विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे के साथ ‘मेजबान शहर’ बनेगा। इससे पहले भी गुजरात ने कई बार ओलंपिक की मेजबानी में रुचि व्यक्त की है। दरअसल, गुजरात के पास बुनियादी ढांचा है – होटल, छात्रावास, हवाई अड्डे और खेल परिसर मौजूद हैं और अब तो गुजरात में ओलंपिक की मेजबानी के लिए यह राज्य सरकार के घोषणा पत्र का भी हिस्सा बन चुका है। बताना चाहेंगे कि भारत ने इससे पहले 1982 के एशियाई खेलों और 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी।

IOA के परामर्श से एक रोडमैप तैयार करेगी सरकार

सरकार IOC के सत्र के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले IOA के परामर्श से एक रोडमैप तैयार करेगी। अभी भारत के पास इतना समय है कि वह सितंबर 2023 तक आईओसी सदस्यों को रोडमैप पेश कर सकता है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि IOC सत्र भारत के लिए एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है और IOA के साथ बोली लगाने के लिए जो भी कदम उठाने होंगे, सरकार उनका समर्थन करेगी। यह एक संयुक्त तैयारी होनी चाहिए।

फिलहाल, राज्य सरकार ने ओलंपिक की मेजबानी के लिए अहमदाबाद में बनाए जाने वाले स्थलों और बुनियादी ढांचे की पहचान करने के लिए IOC के साथ एक आदान-प्रदान शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस उद्देश्य के लिए, सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव नामक एक बहु-खेल सुविधा लगभग 4,600 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही है जो करीब 236 एकड़ में फैली हुई है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button