National

विशाल वटवृक्ष रूपी भारत हमारे वीर योद्धाओं के बलिदान की नींव पर टिका है: राजनाथ सिंह

जम्मू । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत की जो एक विशाल इमारत हमें दिखाई दे रही है, वह हमारे वीर योद्धाओं के बलिदान की नींव पर ही टिकी हुई है। भारत नाम का यह विशाल वटवृक्ष, उन्हीं वीर जवानों के खून और पसीने से अभिसिंचित है। आज का यह शौर्य दिवस उन वीर सेनानियों की कुर्बानियों और बलिदान को ही याद करने का दिवस है। आज का यह दिवस उनके त्याग और समर्पण को हृदय से नमन करने का दिवस है।

गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शौर्य दिवस के मौके पर बड़गाम में आयोजित एक सैन्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भारत-पाकिस्तान बंटवारे का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि 1947 में भारत और पाकिस्तान के बीच विभाजन की कथा लिखी गई। इस कथा की रक्तिम स्याही अभी सूखी भी न थी कि पाकिस्तान ने फिर विश्वासघात की एक नई पटकथा लिखी जानी शुरू कर दी थी। विभाजन के कुछ ही दिनों के भीतर पाकिस्तान का जो चरित्र सामने आया, उसकी कभी कल्पना भी नहीं की गई थी।

उन्होंने कहा कि कश्मीरियत के नाम पर आतंकवाद का जो तांडव इस प्रदेश ने देखा, उसका कोई वर्णन नहीं किया जा सकता है। धर्म के नाम पर कितना खून बहाया गया, उसका कोई हिसाब नहीं। आतंक को कई लोगों ने मजहब से जोड़ने की कोशिश की। आतंकी तो बस बंदूक तान कर अपने मंसूबों को अंजाम देना जानते हैं। कोई भी प्रभावित होता है तो वो पहले हिन्दुस्तानी होता है और उससे भी पहले वो इंसान होता है।

उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद से ही धरती का स्वर्ग कहे जाने वाला यह प्रदेश कुछ स्वार्थपूर्ण राजनीति की भेंट चढ़ गया और एक सामान्य जीवन जीने के लिए तरस गया था। इसी स्वार्थपूर्ण राजनीति के चलते पूरे प्रांत को लंबे समय तक अंधेरे में रखा दिया गया था। उन्होंने कहा कि देश का एक अभिन्न अंग होने के बाद भी जम्मू और कश्मीर के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा था। एक ही राष्ट्र में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान कार्य कर रहे थे। भारत सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं दिल्ली से चलती थीं, पर पंजाब और हिमाचल की सीमा तक आते-आते रुक जाती थीं।

कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सहित सुरक्षा एजेंसियों के कई अधिकारी व नेता उपस्थित रहे। यहां से रक्षा मंत्री शुक्रवार को लद्दाख के लिए रवाना होंगे। लद्दाख पहुंचकर वह कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: