Technology

ऑस्ट्रेलिया में फेसबुक ने खबरें पढ़ने और शेयर करने पर लगाई रोक, आपातकालीन सेवाएं भी हुई प्रभावित

ऑस्ट्रेलिया में अचानक फेसबुक ने अपने कई पेज पर बैन लगा दिया है जिससे कई आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। फेसबुक ने ऐसे कई पेज पर कुछ भी पोस्ट करने से प्रतिबंध लगा दिया है जो लोगों को कोरोना वायरस, आग और चक्रवात के बारे में आगाह करते थे। फेसबुक ने आम न्यूज वेबसाइट के साथ-साथ कई सरकारी पेज और वेबसाइट पर भी बैन लगा दिया है।

नए कानून के विरोध में फेसबुक ने लिया फैसला

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में न्यूज दिखाने के लिए पैसे देने के कानून से नाराज फेसबुक ने वहां सभी समाचार पेज को उनकी खबरें पोस्ट करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। फेसबुक के इस बैन में समाचार वेबसाइट के साथ-साथ कुछ सरकारी विभाग और सरकारी साइट्स भी शामिल थीं। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया अग्निशमन विभाग के फेसबुक पेज को भी कुछ भी पोस्ट करने से रोक दिया गया।

कानून में फेसबुक को न्यूज कंपनियों को खबर शेयर करने के लिए देने होंगे पैसे

ऑस्ट्रेलिया में गूगल और फेसबुक समाचारों के लिए प्रकाशकों को समाचार छापने के लिए भुगतान देना होगा। सरकार इसे लेकर कानून बनाने जा रही है। मंगलवार को ही कहा गया था कि प्रकाशकों को खबर के लिंक पर हर क्लिक के बजाए राशि का भुगतान करना होगा।

फेसबुक ने न्यूज दिखाने वाली सभी वेबसाइटों को किया बैन

वहीं गूगल और फेसबुक ने इसे लेकर अपनी नाराजगी साफ जाहिर करते हुए धमकी दी है कि अगर ये कानून पारित किया जाता है तो गूगल अपनी सेवाएं देश में बंद कर देगा। साथ ही फेसबुक ने कहा था कि अगर उसे भुगतान के लिए मजबूर किया जाता है तो ऑस्ट्रेलियाई प्रकाशकों को खबरें शेयर करने से रोक दिया जाएगा और अब फेसबुक ने यह कर दिखाया है।

Related Articles

Back to top button