
अहमदाबाद : आगामी पांच अक्टूबर से शुरू होने जा रहे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2023 का प्रारंभिक मैच यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जायेगा जिसमें इंगलैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला होगा।आईसीसी ने मंगलवार को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के कार्यक्रम की घोषणा की।मेजबान भारत अपने अभियान की शुरुआत आठ अक्टूबर को चेन्नई में पांच बार के विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।ऑस्ट्रेलिया 13 अक्टूबर को लखनऊ में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा।बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला रविवार 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगा।
ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध शुरू होगा भारत का विश्व कप अभियान
आईसीसी विश्व कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत आगामी आठ अक्टूबर को चेन्नई के चेपौक स्टेडियम में पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।आईसीसी ने बहुप्रतीक्षित एकदिवसीय मैचों के कार्यक्रम की मंगलवार को घोषणा की , जिसके अनुसारटूर्नामेंट की शुरुआत पांच अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गत चैंपियन इंग्लैंड और गत उपविजेता न्यूजीलैंड के बीच भिडंत से होगी।अब तक के सबसे बड़े क्रिकेट विश्व कप में दस टीमें भाग लेंगी, जो पांच अक्टूबर से 19 नवंबर तक 10 स्थानों पर खेला जाएगा। बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, धर्मशाला, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे इस टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों में शामिल हैं। अहमदाबाद टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच के अलावा 19 नवंबर को होने वाले फाइनल की मेजबानी भी करेगा।
अभ्यास खेलों की मेजबानी में गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम हैदराबाद के साथ शामिल होंगे।चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान (15 अक्टूबर) एवं ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (4 नवंबर) भी अहमदाबाद में ही आमने सामने होंगे।विश्व कप सुपर लीग के माध्यम से 46 दिवसीय आयोजन के लिए आठ टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि अंतिम दो स्थान जिम्बाब्वे में जारी आईसीसी क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर द्वारा तय किए जायेंगे।टूर्नामेंट में पिछली बार के राउंड-रॉबिन प्रारूप को बरकरार रखा गया है। सभी टीमें कुल 45 लीग मैचों में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो 15 नवंबर को मुंबई में और 16 नवंबर को कोलकाता में खेला जाएगा। सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल के लिए अतिरिक्त दिन आरक्षित किए गए हैं।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने कहा, “हमें आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 का कार्यक्रम जारी करते हुए खुशी हो रही है, जो किसी भी वैश्विक आयोजन से पहले हमेशा एक बड़ा अवसर होता है।”उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि दुनिया भर में करोड़ों प्रशंसक अब तक के सबसे बेहतरीन पुरुष क्रिकेट विश्व कप का हिस्सा होंगे और हम जानते हैं कि भारत में टीमें एक अनोखे वातावरण का आनंद लेंगी, जिसके समापन पर विजेता दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में ट्रॉफी उठाएंगे।”मेज़बान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने कहा, “हमारे देश की समृद्ध विविधता को प्रदर्शित करते हुए भारत के विभिन्न शहरों में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करना बहुत सम्मान और गर्व की बात है।”
उन्होंने कहा, “भारत में क्रिकेट के प्रति उत्साह और जुनून अद्वितीय है। मुझे यकीन है कि यहां और विदेशों में प्रशंसक 2011 के बाद पहली बार टूर्नामेंट की भारत में वापसी का इंतजार कर रहे होंगे, जब हमारी टीम घरेलू धरती पर ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बनी थी। मैं सभी टीमों को उनकी तैयारियों के लिए शुभकामनाएं देता हूं। हम एक और रोमांचक टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए उत्सुक हैं।”
बेहद प्रतिस्पर्धी होने वाला है विश्व कप : रोहित
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि अक्टूबर-नवंबर में घरेलू सरज़मीन पर होने वाला एकदिवसीय विश्व कप ‘बेहद प्रतिस्पर्धी’ होगा जो दुनियाभर में प्रशंसकों को कई रोमांचकारी पल महसूस करने का मौका देगा।रोहित ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा, “घर पर विश्व कप खेलना शानदार अनुभव होगा। भारत ने 12 साल पहले यहां खिताब जीता था और मैं जानता हूं कि देशभर में प्रशंसक हमारे मैदान पर उतरने का इंतजार नहीं कर सकते।”
कोहली के लिये विश्व कप जीतना चाहेगी भारतीय टीम : सहवाग
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि भारत को 2011 की विश्व कप सफलता को दोहराने और विराट कोहली के लिये एकदिवसीय विश्व कप 2023 जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए।भारत 2011 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ फाइनल जीतकर चैंपियन बना था। सचिन तेंदुलकर के आखिरी विश्व कप में भारतीय टीम ने खिताब जीतने के लिये अपना सब कुछ झोंक दिया था। सहवाग को उम्मीद है कि भारतीय टीम इस बार कोहली के लिये ऐसा कर सकेगी।
विश्व विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे सहवाग ने यहां विश्व कप कार्यक्रम की घोषणा के अवसर पर कहा, “हमने वह विश्व कप तेंदुलकर के लिये खेला था। अगर हम विश्व कप जीतते, तो सचिन पाजी का आखिरी विश्व कप यादगार होता। विराट कोहली अब भी वैसे ही हैं। हर कोई उनके लिये विश्व कप जीतना चाहेगा। वह हमेशा 100 प्रतिशत से अधिक देता है।”सहवाग ने कहा, “मुझे लगता है कि विराट कोहली भी इस विश्व कप पर ध्यान दे रहे हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक लाख लोग आपको देखेंगे। विराट को पता है कि (भारत में) पिचें कैसी होंगी। मुझे यकीन है कि वह बहुत सारे रन बनाएंगे और भारत के लिए विश्व कप जीतने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
”टूर्नामेंट के सबसे प्रतीक्षित मुकाबलों में से एक 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जायेगा। सहवाग ने कहा कि टूर्नामेंट में वह इस खेल को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित हैं।सहवाग ने कहा, “हर कोई भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार करना चाहता है। मैं भी कर रहा हूं।” जब सहवाग से पूछा गया कि भारत-पाक मुकाबले में विजेता कौन होगा, तो उन्होंने कहा, “मैं नहीं जानता कि उस दिन क्या होगा, लेकिन जो टीम दबाव को अच्छी तरह से संभाल लेगी वह जीत जाएगी।”उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अब भारत दबाव को बेहतर संभालता है, इसलिए वह जीतता है। पाकिस्तान पर यह बोझ है कि वह भारत के खिलाफ नहीं जीत पाया है।
पाकिस्तान 1990 के दशक में दबाव से निपटने में अच्छा था लेकिन 2000 के बाद भारत ने इसे बेहतर तरीके से झेला। अगर कोई खिलाड़ी कहता है कि उन्हें दबाव महसूस नहीं होता है, तो मुझे नहीं लगता कि यह सही है। हम भी ऐसा कहते थे लेकिन अंत में आज, हम जानते हैं कि यह भारत बनाम पाकिस्तान का खेल है और भावनाएं चरम पर होती हैं।”सहवाग का यह भी मानना है कि मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करने वाली चार टीमों में शामिल होंगी। सेमीफाइनल के बारे में अपनी भविष्यवाणी करते हुए सहवाग ने कहा, “यदि मुझे चार टीमें चुननी हों तो मैं ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान को चुनूंगा। ये मेरे सेमीफाइनलिस्ट हैं।”(वार्ता)



