
हर्षित की शतकीय पारी न आई काम, दुद्धी ने बैढ़न को 93 रनों से दी शिकस्त
इस टूर्नामेंट के पहले शतकवीर हर्षित बने मैन ऑफ द मैच
दुद्धी,सोनभद्र : 37वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गये मैच में बैढ़न मध्यप्रदेश के खिलाड़ी हर्षित दुबे की शतकीय पारी भी काम न आई और टाउन क्लब दुद्धी की टीम ने एक तरफा मुकाबले में बैढ़न को 93 रनों के भारी अंतर से पराजित कर, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गयी।
मैच की बाबत जानकारी देते हुए आयोजन कमेटी के अध्यक्ष मो.ज़बी खान ने बताया कि टास दुद्धी के कैप्टन राजत राज ने जीता और पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 259 रनों के विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमें सागर विश्वकर्मा ने 5 छक्के व 11 चौके की मदद से सर्वाधिक 78 रनों की पारी खेली। वहीं आलोक शर्मा ने 4 छक्के व 8 चौके की मदद से 71 रन, रजत राज ने 1 छक्के व 6 चौके की मदद से 31 रन व पंकज ने 24 रन जोड़े। बैढ़न की ओर से गेंदबाजी करते हुए संजू जायसवाल ने 4 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट अर्जित किये,वहीं हर्षित दुबे ने भी 4 ओवर में 56 रन देकर 2 व अमित ने 1 विकेट लिए।
जवाब में खेलने उतरी बैढ़न की टीम 16.4 ओवर में ही अपने सभी विकेट गंवाकर 166 रनों पर सिमट गई। जिसमें धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए हर्षित दुबे ने क्रीड़ांगन के चहुंओर शाट लगाकर इस टूर्नामेंट के पहले शतकवीर बनने का रिकार्ड बनाया। उन्होंने 6 छक्के व 15 चौके की मदद से सर्वाधिक 116 रनों की पारी खेली।जबकि उनकी टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास नही कर सके। दुद्धी की ओर से गेंदबाजी करते हुए अभिषेक ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 30 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए और पंकज व अन्य गेंदबाजों ने भी 1-1 विकेट लिए।
इस प्रकार बैढ़न से शतकीय पारी खेलने वाले हर्षित भी अपनी टीम जीत न दिला सके और दुद्धी ने बैढ़न को 93 रनों के भारी अंतर से पराजित कर,क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गयी। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बैढ़न के हर्षित दुबे को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से मुख्य अतिथि सुरेन्द्र अग्रहरि ने सम्मानित किया। मैच में एम्पायर की भूमिका नागेंद्र व रितेश ने निभाई।कमेंट्री सुनील जायसवाल व इरफान खिलाड़ी ने किया।स्कोरिंग अयाज व निशान्त ने की।शनिवार का मैच दुद्धी व बीना के बीच क्वार्टर फाइनल के रूप में खेला जाएगा।



