गोरखधंधा:महिला कांस्टेबल को बेच दिया नकली हार
कलर का रंग बदलने लगा तो करायी जांच, सोना निकला नकली
वाराणसी। कैन्ट थाने में तैनात महिला आरक्षी को आभूषण दुकानदार ने ठग दिया। महिला आरक्षी आभूषण की दुकान से हार और सोने की अंगूठी खरीदी थी। कुछ दिनों बाद हार और अंगूठी का रंग बदलने लगा। शक होने पर उसने जांच कराई तो सोना नकली निकला। पीड़िता ने आभूषण दुकानदार के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल कल्पना सिंह कैन्ट थाने में आरक्षी के पद पर तैनात है वह प्रेमचन्द नगर कालोनी में रहती है। आरोप है कि अर्दली बाजार के चन्द्रा आभूषण केंद्र 24 फरवरी को एक सोने का हार और अंगूठी ली थी। कुछ समय के बाद दोनों आभूषणों का कलर चेंज होने लगा। ऐसे में महिला कांस्टेबल ने सोने की जांच करायी तो उसके पैर तले जमीन खिसक गयी क्योंकि हार और अंगूठी नकली यानी उसकी शुद्धता महज 17.85 प्रतिशत निकली। ऐसे में महिला कांस्टेबल उक्त दुकानदार से नकली सोना देने की शिकायत करने पहुंची तो दुकानदार ने दुर्व्यवहार किया और वहां से यह कहते हुए भगा दिया कि उपर के अधिकारियों में उसकी पकड़ है कुछ नहीं कर सकती। महिला आरक्षी ने कैन्ट थाने में लिखित तहरीर दी हालांकि इस मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नही हुआ है।



