Sports

गढ़वा को तीन विकेट से रौंद राबर्ट्सगंज अगले चक्र में

दुद्धी, सोनभद्र : टाउन क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में स्थानीय सीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 37वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच गढ़वा झारखंड और डॉ एचपी सिंह क्रिकेट अकादमी रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र के बीच बुधवार को खेला गया। मैच का टॉस गढ़वा के कप्तान रोहित सिंह ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 155 रन बनाए। गढ़वा के बल्लेबाजों में नवीन ने दो छक्का और दो चौके की मदद से सर्वाधिक 36 रनों की पारी खेली।

इसके अलावा शारीक ने तीन चक्का और एक चौका लगाते हुए 27, अतुल ने दो छक्का और तीन चौके की मदद से 26 तथा रंजन ने एक छक्का और दो चौके की मदद से 16 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए डॉ एचपी सिंह क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों में सुभाष ने अपने चार ओवरों के कोटे में 20 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा राकेश व अखिलेश को दो-दो विकेट तथा राघवेंद्र को एक विकेट हासिल हुआ।

दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी डॉ एचपी सिंह क्रिकेट अकादमी की टीम 19.5 ओवर में अपने सात विकेट खोते हुए निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। बल्लेबाजी करते हुए राबर्ट्सगंज के बल्लेबाजों में सूर्यांश ने छह छक्कों और एक चौके की मदद से सर्वाधिक 45 रनों की पारी खेली। इसके अलावा प्रवीण चौबे ने तीन चक्का और दो चक्का लगाते हुए 29 रन, प्रदीप पांडे ने तीन चौके की मदद से 24 रन व अजय ने तीन चौके की मदद से 20 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए गढ़वा के गेंदबाजों में एकलाख व आयुष ने 2-2 विकेट हासिल किया। इसके अलावा रंजन व मानस ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच में अपनी धारदार गेंदबाजी से प्रतिद्वंद्वी टीम पर भारी पड़ने वाले डॉ एचपी सिंह क्रिकेट एकेडमी राबर्ट्सगंज के गेंदबाज सुभाष को मैन ऑफ द मैच घोषित कर एडीओ पंचायत रवि दत्त मिश्रा द्वारा पुरस्कृत किया गया। मैच के निर्णायक रजत राज व धीरज अग्रहरि थे। कमेंट्री मु. शमीम अंसारी व अंसार अहमद ने किया। स्कोरर की भूमिका में राजू शर्मा, निशान्त मोहन व अयाज मौजूद रहे। आज भोजपुर बिहार की टीम पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर उत्तर प्रदेश से प्रतियोगिता का दूसरा मैच खेलेगी।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button