आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार को बिजली गिरने से एक ही गांव के चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति झुलस गया। झुलसे हुए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आजमगढ़ जिले के थाना मेंहनगर के बरवासागर महमूदपुर नियामतपुर गांव की सिवान में पांच लोग अपनी भैंसें चरा रहे थे। आज शाम को अचानक तेज बारिश हुई और बादल गरज रहे थे। मेघ गर्जना सुनकर भैंस चराने वाले पास में एक ट्यूबेल पर चले गए। इसी दौरान बिजली गिरने से पांचों लोग उसकी चपेट में आ गए।
जिसमें शशि कला (50) पत्नी झगरु यादव, शैलेश यादव उर्फ बब्बू (16) पुत्र शिव बचन यादव, अमन (15) पुत्र राजमणि यादव, अनुराग यादव (15) वर्ष पुत्र पप्पू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमित यादव (16) पुत्र राजू यादव इसकी चपेट में आने से झुलस गया। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां ग्राम प्रधान ने अपने निजी साधन से अस्पताल पहुंचाया ।(वार्ता)
सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4- 4 लाख की राहत राशि तत्काल दिए जाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है । उन्होंने दिवगंतों के परिजनों को 4- 4 लाख रूपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं । मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है ।मुख्यमंत्री जी ने इस आपदा से घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं।



