NationalUP Live

‘सपाई कुत्ते की पूंछ की तरह, कभी सीधे नहीं हो सकते’, गोरखपुर में योगी का तीखा हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 495 करोड़ रुपये की गोड़धोइया नाला फेज-1 परियोजना का लोकार्पण और 880 करोड़ रुपये की फेज-2 व सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी को माफिया प्रवृत्ति की पार्टी बताते हुए तीखा हमला बोला। परियोजना से 17 वार्डों के ढाई से तीन लाख लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दीपावली पर शहीदों के नाम एक दीया जलाने, स्वदेशी अपनाने और बारिश-ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को विशेष मुआवजा पैकेज देने की घोषणा भी की।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी, माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है, उन्हें जब भी मौका मिलता है जमीन कब्जा करने निकल पड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, जिस प्रकार कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, ठीक उसी प्रकार समाजवादी पार्टी के लोग भी कभी सीधे नहीं हो सकते हैं। जब भी इन्हें मौका मिलता है, गरीबों और व्यापारियों की जमीन पर कब्जा करना इनकी प्रवृत्ति रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बिछिया पुल के पास 495 करोड़ रुपये के गोड़धोइया नाला फेज-1 के लोकार्पण और 880 करोड़ रुपये की लागत वाली फेज-2 और सीवरेज परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित किया।

दीपावली से पूर्व गोरखपुर को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने दीपावली से पूर्व गोरखपुर महानगर के 17 वार्डों को जलभराव से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए बिछिया पुल के निकट 495 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले गोड़धोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले परियोजना के द्वितीय चरण, सीवरेज योजना जोन ए तीन तथा समानांतर सर्विस रोड का शिलान्यास किया। उन्होंने रेलवे लाइन के उत्तरी क्षेत्र के सभी निवासियों को इस बड़ी सौगात की बधाई दी।

सपा के आतंक में अपनी ही हवेलियां गिराने को मजबूर थे लोग: मुख्यमंत्री
पूर्ववर्ती सपा सरकार की अराजकता को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले गोरखपुर में केंचुए की चाल की तरह रेंगते हुए चलना पड़ता था। चारों ओर जाम, गंदगी, जल जमाव और माफिया व मच्छर का आतंक था। उन्होंने बताया कि गोरखपुर जेल बाईपास रोड पर एक प्रतिष्ठित और रईस परिवार ने सपा सरकार के समय माफियाओं के डर से अपनी जमीन बचाने के लिए रातोंरात खुद ही अपनी दोनों हवेलियां गिरा दीं ताकि कम से कम जमीन उनके कब्जे में रहे।

इसी तरह आर्यनगर में भी एक माफिया ने प्रतिष्ठित परिवार की हवेली कब्जाने का प्रयास किया था। तब बतौर सांसद वे स्वयं मौके पर गए थे और जनता से कहा था कि इन गुंडों को पकड़ पकड़कर मारो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आज किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की प्रॉपर्टी पर कब्जा करने से पहले कोई भी दस बार सोचेगा क्योंकि उसे मालूम है कि अगले ही पल उसका क्या हिसाब होने वाला है।

अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले असुरक्षा के वातावरण के कारण बेटी स्कूल नहीं जा पाती थी और व्यापारी सुरक्षित माहौल में व्यापार नहीं कर पाता था। जब सुरक्षा नहीं थी तो कोई निवेश भी नहीं करता था और शहर की सड़कें गड्ढों में खो चुकी थीं। जो समाज अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा न दे सके, उसके लिए इससे ज्यादा नारकीय स्थिति दूसरी नहीं हो सकती। इसीलिए सरकार ने ऐसे अपराधों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति तय की है। आज किसी युवा के जीवन के साथ खिलवाड़ करने या राह चलती बेटी के साथ जबरन छेड़खानी करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसका रास्ता तय है, उसे जेल या जहन्नुम में से किसी एक जगह जाना ही पड़ेगा।

बिना मकान तोड़े बना साढ़े सात किलोमीटर का नाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले बीमारू मानसिकता की सरकारों के कारण गंदगी, जल जमाव और अशुद्ध पेयजल से इंसेफेलाइटिस, मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियां फैलती थीं, जिनसे हजारों बच्चे असमय काल कवलित होते थे। गोड़धोइया नाले के निर्माण से हमने गोरखपुर को मच्छर और माफिया से समाप्त करने की पहली परियोजना भी पूर्ण कर दी है। जब शहर मच्छर और माफिया से मुक्त होता है तो विकास तेजी से दौड़ता है। जब विधान परिषद सदस्य डॉ धर्मेंद्र सिंह ने नाला निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की पीड़ा सामने रखी, तो हमने अवैध कब्जे हटाते हुए पहले से बने मकानों को नुकसान पहुंचाए बिना 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबा और चौड़ा आरसीसी नाला तैयार किया। इसके दोनों ओर सीवर लाइन बिछ चुकी है और अब ट्रीटमेंट के बाद ही पानी रामगढ़ ताल में जाएगा, जिससे ताल की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहेगी। नाले के दोनों ओर वैकल्पिक मार्ग के रूप में सड़क बनेगी और वृक्षारोपण होगा। इसके अलावा धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर होते हुए जाने वाले नाले को भी पक्का आरसीसी नाला बनाने के लिए नगर निगम को धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

रेलवे कॉलोनी और राप्तीनगर समेत 17 वार्डों की जल भराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं का ब्योरा देते हुए बताया कि पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये की योजना से आरसीसी नाले के साथ साढ़े सत्रह किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट का कार्य पूरा किया गया है। दूसरे फेज में लगभग 794 करोड़ रुपये से 17 वार्डों के कैचमेंट एरिया से जुड़ी 342 किलोमीटर सीवर लाइन, 45 हजार सीवर कनेक्शन तथा 27 एमएलडी और साढ़े सैंतीस एमएलडी के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनेंगे। इससे रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित उत्तरी क्षेत्र के मोहल्लों की ढाई से तीन लाख की आबादी लाभान्वित होगी।

मुंबई से आकर गोरखपुर में बसे रवि किशन
नए उत्तर प्रदेश के नए गोरखपुर की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले रामगढ़ ताल की तरफ कोई जाने का नाम नहीं लेता था। पहले लोग घूमने के लिए मुंबई जाते थे, लेकिन अब मुंबई से सांसद रवि किशन ने भी गोरखपुर में रामगढ़ ताल के किनारे अपना ठिकाना बना लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, पहले यहां का युवा नौकरी के लिए बाहर जाता था, आज सुरक्षा और स्वच्छता के कारण बाहर का व्यक्ति गोरखपुर में रोजगार के लिए आ रहा है। आज गोरखपुर में चारों ओर फोरलेन कनेक्टिविटी, फर्टिलाइजर कारखाना, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, चार विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क है। गीडा निवेश का बेहतरीन स्थल बना है जहां पिछले 10 वर्ष में 50 हजार नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिला है। वहां नई चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे बड़े उद्योग लग रहे हैं।

दीपावली पर शहीदों के नाम एक दीया जलाने और स्वदेशी अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को दीपावली और छठ महापर्व की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए सभी नागरिकों से एक विशेष आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज हम सब जिस उन्मुक्त और सुरक्षित वातावरण में अपने पर्व और त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं तथा बाजारों में रौनक है, उसके पीछे हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद और देश के अमर क्रांतिकारियों व वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि इस दीपावली पर जब हर घर में उत्सव के दीप जलें, तब प्रत्येक नागरिक देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों और सीमा पर राष्ट्र की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों के सम्मान में एक दीया अवश्य जलाए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए मिट्टी के दीयों व स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर वोकल फॉर लोकल के मंत्र को साकार करने का भी आह्वान किया।

वर्षा,ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए विशेष मुआवजा पैकेज
अन्नदाता किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में दो बार चक्रवात के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। हर जिला प्रशासन को समय पर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं और सरकार किसानों को राहत देने के लिए एक विशेष मुआवजा पैकेज उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि, आज गरीब को मकान, उज्ज्वला कनेक्शन और आयुष्मान भारत की सुविधा मिल रही है। युवा अब स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़कर केवल जॉब सीकर नहीं रह गया है, बल्कि जॉब क्रिएटर बनकर दूसरों को रोजगार देने की क्षमता अर्जित कर रहा है।

सालाना नौ लाख यूनिट बिजली की बचत
कार्यक्रम में एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई जिसके अनुसार, अमृत योजना में 262 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन व 50 हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन पूरे हो चुके हैं तथा अमृत दो के तहत सवा दो लाख लोगों के लिए पेयजल कार्य शुरू हो गया है। गोड़धोइया नाला स्थित एसटीपी में लगे अत्याधुनिक टर्बो ब्लोअर से सालाना नौ लाख यूनिट बिजली की बचत हो रही है और नाले से प्रति सेकंड 42 हजार लीटर वर्षा जल की निकासी हो रही है।

गणमान्य रहे मौजूद
समारोह में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, श्रवण निषाद, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्त और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्त सहित भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सपा ने 10 लाख गुंडे पाले, हमने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी: मुख्यमंत्री

किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पैकेज लाएंगे: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button