
दुद्धी, सोनभद्र – तहसील क्षेत्र के महुली निवासी पूर्व बीडीसी एवं राजा बरियार शाह मेमोरियल फुटबाल क्लब के सचिव आदित्य प्रसाद कन्नौजिया 46 वर्ष की मंगलवार को सीने में दर्द उठने के बाद सांस लेने में हो रही तकलीफ के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई दिलीप कन्नौजिया ने बताया कि उन्हें मंगलवार को भोर में तीन बजे अचानक सीने में दर्द उठा। इसी बीच सांस लेने में भी तकलीफ बढ़ने लगी। परिजनों ने एंबुलेंस से ले जाकर उन्हें दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां थोड़ी देर के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों ने कहा कि यहां इलाज शुरू होते ही उनकी सांसे अचानक थम गई। गांव में मौत की खबर जैसे ही पहुंची परिजन एवं पड़ोसी हतप्रभ रह गए। महुली कस्बे में फुटबाल क्लब के पूर्व खिलाड़ी एवं वर्तमान में सचिव के रूप में इन्होंने फुटबाल क्लब को विशेष पहचान दिलाई थी।बड़े ही मिलनसार एवं सुख दुख के साथी आदित्य की मौत की खबर मिलते ही खिलाड़ियों समेत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। लोगों ने शोकसभा आयोजित कर पुण्यआत्मा की शांति एवं इस दुःख की घड़ी में परिजनों को सहन शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की



