सारनाथ,वाराणसी। फर्जी कागजात बनकार लोगों को लोन पास कराने और चूना लगाने वाले पांच जालसाजों को साइबर थाना पुलिस ने रिंग रोड पुलिया के पास से गिरफ्तार लिया। तलाशी में अभियुक्तों के पास से फर्जी आधार कार्ड, पहचान पत्र, निर्वाचन कार्ड आदि दस्तावेज बरामद हुआ।
साइबर थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति से सूचना मिली कि कुछ लोग फर्जी कागजात बनाकर लोन पास करवा रहे। इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच शुरू किया गया। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि फर्जी कागजात बनाकर लोन दिलाने वाले गिरोह के पांच युवक सिंहपुर स्थित रिंग रोड पुलिया के पास खड़े हैं। उक्त सूचना पर निरीक्षक अनिता सिंह, हेड कांस्टेबल श्यामलाल गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर पांचों को दबोचा। अभियुक्तों की पहचान पूछताछ में आनंद गुप्ता, सुजीत कुमार यादव धर्मेंद्र यादव, शिवानंद और अभिषेक यादव के तौर पर हुई।


