National

2014 से समूचा पूर्वोत्तर चौतरफा विकास के रास्ते पर चल पड़ाः अमित शाह

गुवाहाटी । असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन का शनिवार को उद्घाटन करने के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में समूचा पूर्वोत्तर चौतरफा विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। भाजपा कार्यकाल में असम के 9 हजार युवा हथियार छोड़ कर मुख्यधारा में लौटे।

इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि मैं आज गृहमंत्री के नाते यहां नहीं आया, कार्यकर्ता के नाते आया हूं। असम की महान भूमि है। इस भूमि को कांग्रेस ने लंबे समय तक विघटन की भूमि बना दिया था। पूरे देश और पूर्वोत्तर को इसको लेकर चिंता थी। देश की मुख्यधारा से कटता है तो क्या होगा। देश की चार देशों से सीमा लगती है। ऐसे क्षेत्र को लेकर पूर्व में क्या स्थिति थी यह सभी को पता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2022 तक पूरा पूर्वोत्तर और असम विकास के रास्ते पर आगे चल पड़ा है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मेरे लिये यह सौभाग्य का विषय है कि राज्य और भाजपा का विकास समान रूप से हो रहा है। अमित शाह ने कहा कि मुझे याद है कि हितेश्वर सैकिया की सरकार के कार्यकाल में मुझे बड़ी मार पड़ी थी। उस समय एक नारा लगता था- “असम की गलियां सूनी हैं, इंदिरा गांधी खूनी है….।”

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यालय भवन नहीं, बल्कि भावनाओं का बोध है। यहां पर पूरे नार्थ ईस्ट के विकास की योजनाएं बनेगी। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए यह मंदिर है। देश के हर जिले में कार्यालय बनाने की हमारी योजना है। 2024 के पहले देश के 90 प्रतिशत जिलों में कार्यालय बन जाएंगे। भाजपा के विकास का इतिहास अभूतपूर्व है। त्याग और बलिदान का यहां का इतिहास है। उद्घाटन अवसर पर पूर्व कार्यकर्ताओं को बुलाया है, यह हमारा संस्कार है।

अमित शाह ने कहा कि पूर्व में हमारी सरकार बनने की कल्पना नहीं थी लेकिन आज यह संभव हुआ है। आज पार्टी वटवृक्ष बन गया है। इसकी छांव सभी को मिल रहा है। 8 वर्ष में मोदी जी 42 बार पूर्वोत्तर में आए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने कार्यकाल में दो बार राज्यों में रात्रि विश्राम करते हैं।

उन्होंने पूर्वोत्तर के विकास के लिए रेलवे, हवाई मार्ग, आर्थिक विकास, शांति समझौता की भी बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान असम के 9 हजार युवा हथियार छोड़ कर मुख्यधारा में लौटे हैं। उन्होंने तुलना करते बताया कि कांग्रेस के कार्यकाल में 87 सौ अधिक और भाजपा के कार्यकाल में 22 सौ घटनाएं घटी हैं।

अमित शाह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। राहुल गांधी के अफ्सपा हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि शांति लाकर अफ्सपा भी हटाया गया है। असम के 60 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र अफ्सपा से मुक्त हो गये हैं। वहीं, नगालैंड के 7 और मणिपुर के 6 जिलों में अफ्सपा है। शेष हिस्से से इसे हटा दिया गया है। जबकि, त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय आदि राज्यों से अफ्सपा को पूरी तरह से हटा लिया गया है।

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक साइंस कालेज की बहुत जल्द यहां पर स्थापना की जाएगी। वहीं, राज्य सरकार की ओर से एक लाख युवाओं को चरणबद्ध तरीके से नौकरी दिए जाने का भी जिक्र किया। अमित शाह ने कहा कि असम का कार्यालय दिल्ली के कार्यालय से किसी भी कीमत पर कम नहीं है। बल्कि, थोड़ा अधिक अच्छा है। उन्होंने कहा कि पार्टी भवन से मजबूत नहीं होती, बल्कि कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान से मजबूत बनती है।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: