Off BeatState

तारापुर शहीद दिवस : जब तिरंगा फहराने पर अंग्रेजी अफसरों ने चलवा दी अंधाधुंध गोलियां

आज 15 फरवरी है, ये सभी जानते हैं, लेकिन इतिहास के पन्नों में आज से 89 साल पहले क्या हुआ था शायद कई लोग आज भी इससे अनजान होंगे। आजादी के लिए देश के कोने-कोने में लड़ी गई लड़ाइयां समय-समय पर कहानी और किताबों के माध्यम से सामने आती रही हैं। तारापुर के शहीदों की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में बिहार राज्य में स्थिति मुंगेर जिले के तारापुर के शहीदों का जिक्र किया था।

पीएम ने तारापुर शहीदों को किया नमन

पीएम मोदी ने 31 जनवरी को मन की बात कार्यक्रम में कहा, “इस वर्ष भारत अपनी आजादी के, 75 वर्ष का समारोह- अमृत महोत्सव शुरू करने जा रहा है। ऐसे में यह हमारे उन महानायकों से जुड़ी स्थानीय जगहों का पता लगाने का बेहतरीन समय है, जिनकी वजह से हमें आजादी मिली। साथियों, हम आजादी के आंदोलन और बिहार की बात कर रहें हैं, तो, मैं, NaMo App पर ही की गई एक और टिप्पणी की भी चर्चा करना चाहूंगा। मुंगेर के रहने वाले जयराम विप्लव ने मुझे तारापुर शहीद दिवस के बारे में लिखा है। 15 फरवरी 1932 को, देशभक्तों की एक टोली के कई वीर नौजवानों की अंग्रेजों ने बड़ी ही निर्ममता से हत्या कर दी थी। उनका एकमात्र अपराध यह था कि वे ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत मां की जय’ के नारे लगा रहे थे। मैं उन शहीदों को नमन करता हूं और उनके साहस का श्रद्धापूर्वक स्मरण करता हूं।”

अंग्रेजी अफसरों के सामने थाने पर फहरा दिया तिरंगा

1930 के दशक में तत्कालीन ब्रिटिश हुकूमत से आजादी के लिए देश के कोने-कोने से स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी निकल रही थी। उनमें से एक बिहार राज्य के मुंगेर के तारापुर भी है। जहां 15 फरवरी की दोपहर में क्रांतिवीरों का जत्था घरों से बाहर निकला।

क्रांतिवीरों का दल तारापुर तत्कालीन ब्रिटिश थाना पर राष्ट्रीय झंडा फहराने के लिए तिरंगा हाथों में लिए बेखौफ बढ़ते जा रहे थे और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए जनता खड़ी होकर भारत माता की जय, वंदे मातरम आदि का जयघोष कर रही थी। तभी मौके पर मौजूद कलेक्टर ई ओली व एसपी डब्लू. एस. मैग्रेथ ने निहत्थे स्वतंत्रता सेनानियों पर अंधाधुंध गोलियां चलवा दीं। गोलियां चलती रहीं और आजादी के दीवाने वहां से हिले तक नहीं। देखते ही देखते 34 लोगों की शहादत के बीच धावक दल के मदन गोपाल सिंह, त्रिपुरारी सिंह, महावीर सिंह, कार्तिक मंडल, परमानन्द झा ने ब्रिटिश थाने पर तिरंगा फहरा दिया।

34 स्वतंत्रता प्रेमी हुए शहीद

अंग्रेजी हुकूमत की इस बर्बर कार्रवाई में 34 स्वतंत्रता प्रेमी शहीद हुए। हालांकि विद्रोह को दबाने के लिए आनन-फानन में अंग्रेजों ने कायरतापूर्वक वीरगति को प्राप्त कई सेनानियों के शवों को वाहन में लदवाकर सुल्तानगंज भिजवाकर गंगा में बहवा दिया था। 1932 की इस घटना ने उन दिनों एक बार फिर 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियांवाला बाग गोलीकांड की बर्बरता की याद ताजा कर दी थी। तभी से हर साल तारापुर शहीद दिवस प्रत्येक वर्ष 15 फरवरी को मनाया जाता है। इतिहासकार डी सी डीन्कर ने अपनी किताब “स्वतंत्रता संग्राम में अछूतों का योगदान” में भी तारापुर की इस घटना का जिक्र किया है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button