दुद्धी, सोनभद्र- टाउन क्लब मैदान पर चल रहे 36वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए मैच में नागेन्द्र के ऑलराउंडर प्रदर्शन एवं निशान्त मोहन की हरफनमौला बल्लेबाजी के बदौलत मेजबान दुद्धी ए की टीम ने एचपी एकेडमी रावर्ट्सगंज को 33 रनों से पराजित कर,क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मैच की बावत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सचिव मु.जबीं खान ने बताया कि दुद्धी ए टीम के कप्तान इरफान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच में दुद्धी की टीम बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने 9 विकेट खोकर 188 रन बनाये। दुद्धी के बल्लेबाजों में प्रथम पायदान पर बैटिंग करने आए युवा खिलाड़ी निशांत मोहन ने क्रीड़ांगन के चहुं ओर शाट लगाते हुए चार चौके और पांच शानदार छक्कों की बदौलत मात्र 32 गेंदों पर 54 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा उद्घाटक बल्लेबाज नागेंद्रराज सिंह ने पांच चौके व एक छक्का की मदद से 24 गेंदों पर 30 रन, रितेश ने 2 छक्का, एक चौका लगते हुए 19 रन, रेहान ने 2 छक्के की मदद से 17 रन व रिजवानूद्दीन लड्डन ने एक छक्का एक चौका लगाते हुए 14 रन बनाए।रावर्ट्सगंज के गेंदबाजों में अखिलेश ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किया। इसके अलावा सत्यम और रघु को दो-दो तथा प्रशांत को एक विकेट हासिल हुआ।
दूसरी पाली में बल्लेबाजी के लिए उतरी रावर्ट्सगंज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। रावर्ट्सगंज के बल्लेबाजों में सलामी बल्लेबाज राघव ने 8 चौके व तीन छक्के की मदद से 30 गेंद पर 60 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। इसके अलावा प्रशांत ने एक चौका की मदद से 18 रन व धनंजय ने दो चौके की मदद से 13 रन बनाए। दुद्धी के गेंदबाजों में नागेंद्रराज सिंह ने अपने 3 ओवर में 19 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा मोहम्मद गौस ने 3 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट व ओमकार ने 4 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट हासिल किया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन वाले नागेंद्र राज को मैन ऑफ द मैच घोषित कर मुख्य अतिथि पूर्व सदर अयूब खान के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर सुनील गुप्ता व महेंद्र सिंह विक्की रहे, कमेंट्री सलीम खान व जितेंद्र जौहरी तथा स्कोरिंग राहुल ने किया। मंगलवार को दुद्धी ए टीम गढ़वा के विरुद्ध मैच खेलेगी।



