वाराणसी। बीते दिनों एसएसपी ऑफिस पर बिना मास्क के समूह में पहुंचे वकीलों के खिलाफ कैंट थाने में दर्ज मुकदमे को लेकर शनिवार को वकीलों ने डीएम तथा एसएसपी ऑफिस पर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इससे पूर्व इस मुद्दे पर घनश्याम सिंह तथा रंजन मिश्र द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर सेंट्रल बार एसोसिएशन में वकीलों ने बैठक कर पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए विरोधस्वरूप न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
तत्पश्चात अध्यक्ष प्रेमशंकर पांडेय और महामंत्री शैलेन्द्र सिंह बबलू के नेतृत्व में कोर्ट परिसर में वकीलों ने जुलूस निकालकर न्यायिक कार्य ठप कराने के साथ ही चक्रमण करते हुए डीएम पोर्टिको पर प्रदर्शन किया इसके बाद वकील एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को पत्रक भी दिया।अधिवक्ता दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन में अशोक उपाध्याय,संजय सिंह दाढ़ी,धीरेन्द्र नाथ शर्मा,नित्यानंद राय,विवेक कुमार सिंह,अश्विनी राय,अनूप कुमार सिंह,विनोद पांडेय,नित्यानन्द राय,रामप्रवेश सिंह, आनन्द ज्योति सिंह,आशीष सिंह,कन्हैया लाल पटेल,आशीष शक्ति तिवारी,शशिकान्त दुबे समेत काफी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।



