
- रामनगरी में 35 लाख और राम की पैड़ी पर प्रज्ज्वलित होंगे 25 लाख से अधिक दीप
- सुबह 9 बजे से ही रामनगरी में अध्यात्म, संस्कृति व परंपरा का दिखने लगेगा संगम
अयोध्या : अपने ‘लला’ के आगमन की खुशी में अयोध्या नगरी झूम रही है। अब इंतजार हो रहा है तो सिर्फ दीपोत्सव का। 500 वर्ष बाद ‘रामलला की मौजूदगी’ में आज रामनगरी में 35 लाख से अधिक व राम की पैड़ी पर 25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे। बुधवार को दीपों के कीर्तिमान बनने से पहले ही अयोध्या में मेगा शो शुरू हो जाएगा। सुबह से ही अध्यात्म, संस्कृति व परंपरा का अनूठा संगम दिखेगा। इन आयोजनों के साक्षी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पर्यटन-संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत यूपी के मंत्री भी बनेंगे। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद यह पहला दीपोत्सव है। इसका इंतजार बेसब्री से न सिर्फ अयोध्या, उत्तर प्रदेश बल्कि समूचा उत्तर प्रदेश कर रहा है। पूरी अयोध्या नगरी का दुल्हन की तरह श्रृंगार किया जा चुका है। रामलला की मौजूदगी में यह पहला और योगी सरकार का आठवां दीपोत्सव है।
सुबह 9 बजे साकेत से निकलेंगी 18 झांकिया
आयोजन की शुरुआत साकेत महाविद्यालय से होगी। यहां से कुल 18 झांकिया निकलेंगी। इसमें 11 सूचना व सात पर्यटन विभाग की है। यह झांकिया रामायण के प्रसंगों पर आधारित रहेगी। इस दौरान विभिन्न प्रदेशों के कलाकार अपनी संस्कृति का भी परिचय देंगे। फरुआही, बमरसिया, मयूर, बहरूपिया, अवधी, थारू समेत अनेक लोकनृत्य लोगों को अपनी संस्कृति का परिचय कराएंगे। आगे आतिशबाजी व रंगोली संग शोभायात्रा निकलेगी।
2:30 बजे के करीब होगा मुख्यमंत्री का आगमन
दीपोत्सव के नेतृत्वकर्ता , मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इस बार भी 2:30 बजे तक अयोध्या पहुंच जाएंगे। वह रामकथा पार्क में उतरेंगे। इसके बाद वहां भगवान श्रीराम-सीता के राज्याभिषेक में पहुंचेंगे। सीएम योगी, केंद्रीय मंत्री समेत अन्य मंत्री उनके रथ को खींचेंगे। इसके बाद राज्याभिषेक होगा। मुख्यमंत्री यहां आमजन से मुखातिब भी होंगे।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बनेगा महाआरती का रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इस बार एक और बड़ा रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड है सरयू तट पर महाआरती का। शाम को सरयू आरती में1100 बटुक, 157 संत व मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। सभी बटुक एक ही वेशभूषा में नजर आएंगे। तकरीबन 15 मिनट होने वाली आरती के इतनी संख्या में बटुकों का जुटना भी रिकॉर्ड है।
शाम से शुरू होगा दीपों का प्रज्ज्वलन
शाम के समय ही दीपों को जगमग करने का कार्य शुरू होगा। 25 लाख दीपों को जगमग करने के लिए राम की पैड़ी समेत 55 घाटों पर 28 लाख दीये बिछाए गए हैं। इन्हें प्रज्ज्वलित करने की जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलंटियर्स को दी गई है। शाम तक सभी दीये जल जाएंगे। इसके बाद गिनीज बुक की टीम ड्रोन से गिनती कर आठ बजे तक रिजल्ट घोषित कर देगी।
500 ड्रोन दिखाएंगे श्रीराम की वीर मुद्रा, आतिशबाजी भी दिखेगी
अयोध्या के आकाश में रंग-बिरंगी रोशनी युक्त 500 ड्रोन के जरिए भव्य एरियल ड्रोन शो का आयोजन होगा। शो के जरिए प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की वीर मुद्रा का लोग दिव्य दर्शन कर सकेंगे। इस कार्यक्रम में खासतौर से लेजर लाइट्स, वॉयस ओवर और म्यूजिकल नैरेशन लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता नजर आयेगा। दीपोत्सव के दौरान मुख्य कार्यक्रम में 15 मिनट तक एरियल ड्रोन शो आयोजन होगा। इसमें मेड इन इंडिया ड्रोन्स का इस्तेमाल होगा। ड्रोन शो के जरिए रावण वध, पुष्पक विमान, दीपोत्सव, राम दरबार वाल्मीकि, तुलसीदास व राम मंदिर को भी अयोध्या के आकाश में ड्रोन के जरिए दर्शाया और दिखाया जाएगा। पुराने सरयू पुल पर भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में दीपोत्सव का आयोजन होना है। इसमें केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी रहेंगे। 10 नम्बर घाट पर ही मंच इत्यादि बनाया गया है। जहां सीएम मौजूद रहेंगे। यहीं पर मुख्यमंत्री को गिनीज बुक की ओर से कीर्तिमान बनाने का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। अभी तक मिली खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री रात में अयोध्या में ही रहेंगे। देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीरामकथा पार्क में आयोजित होने वाली रामलीला का भी अवलोकन करेंगे। सुबह हनुमानगढ़ी व रामलला का दर्शन करने के बाद वह गोरखपुर रवाना होंगे।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहला दीपोत्सव बनायेगा नया विश्व कीर्तिमान
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहला दीपोत्सव नया विश्व कीर्तिमान बनायेगा। वहीं योगी सरकार के दीपोत्सव के आठवें संस्करण में डाॅ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल के प्रबंधन में दीपोत्सव-2024 को ऐतिहासिक बनाने के लिए 30 हजार वालंटियर्स के सहयोग से 25 लाख से अधिक दीयों को प्रज्ज्वलित करने की तैयारी पूरी की गई। मंगलवार को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड टीम के कंसल्टेंट निश्चल बरोट की अगुवाई में 30 सदस्यों ने सरयू के 55 घाटों के दीप की गणना पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, समन्वयक व गणना वालंटियर की मौजूदगी में शुरू की।विवि प्रशासन द्वारा दीपोत्सव को अलौकिक और भव्य बनाने के लिए वालंटियर्स एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर दिए गए हैं। 30 अक्टूबर को दीपोत्सव के दिन दीये में तेल भरने के लिए एक-एक लीटर सरसों की बोतल उपलब्ध कराई जायेगी। वालंटियर 28 लाख बिछाये गए दीप में सावधानीपूर्वक तेल डालेंगे। घाट पर तेल न गिरे, इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा।
विवि प्रशासन ने सरयू के 55 घाटों पर 28 लाख दीयों को सजाने के कार्य को अंतिम रूप दे दिया। इसकी तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय ने पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, गणना वालंटियर्स के साथ दो हजार से अधिक भारी भरकम टीम उतार दी है। इनकी निगरानी में दीपोत्सव में 25 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित होंगे। दीपोत्सव की भव्यता विश्व पटल पर दिखे, इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर के वालंटियर द्वारा घाट न0 10 पर 80 हजार दीए से स्वास्तिक सजाया गया है। इससे पूरी दुनिया में शुभता का संदेश जायेगा। यह आकर्षण का केन्द्र होगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल के कुशल मार्गदर्शन में 30 हजार वालंटियर द्वारा 55 घाटों पर 16 गुणे 16 दीए का ब्लाक बनाया गया है, जिसमें 256 दीए सजाये गये हैं। इनमें एक वालंटियर को 85 से 90 दीए प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य दिया गया है।
दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो0 संत शरण मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, जिला प्रशासन के सहयोग से विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कार्य को अंतिम रूप दे दिया गया है। राम नगरी के 55 घाटों पर दीयों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन व विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जा रही है। घाटों पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। बिना आई कार्ड के प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। 30 अक्टूबर को दीपोत्सव के दिन प्रातः 10 बजे से पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, समन्वयक व गणना वालंटियर्स की देखरेख में 25 लाख से अधिक दीयों में तेल डालने, बाती लगाने व देर शाम शासन द्वारा नियत समय पर दीए प्रज्जवलित किए जायेंगे।
रामनगरी आएंगे मुख्यमंत्री, दीपोत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को आठवें दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 2.40 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने राजकीय विमान से रामकथा पार्क में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क में संस्कृति विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं झांकियों का अवलोकन करेंगे। वे रामकथा पार्क हेलीपैड पर भरत मिलाप कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जी रामकथा पार्क में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। तत्पश्चात राम की पैड़ी सरयू तट पर सरयू आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वहां से निकलकर राम की पैड़ी अयोध्या में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर फायर क्रैकर शो का अवलोकन करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम की पैड़ी से निकलकर मुख्य मंच रामकथा पार्क में अंतरराष्ट्रीय/भारतीय रामलीलाओं का मंचन देखेंगे। इसके बाद वह सरयू अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।
दर्शन-पूजन करेंगे व संतों से मिलेंगे मुख्यमंत्री
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरयू अतिथि गृह से निकलकर हनुमानगढ़ी व श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दर्शन पूजन करेंगे। तत्पश्चात मणिरामदास छावनी, कारसेवकपुरम में संतगणों के साथ बैठक करेंगे। तत्पश्चात वहां से निकलकर रामकथा पार्क हेलीपैड से गोरखपुर के लिए रवाना हो जायेंगे।
यह ऐतिहासिक दीपावली, हमारे राम एक बार फिर अपने घर आए हैंः पीएम मोदी