National

पूरे देश में रंगोत्सव होली की रही धूम

मुर्मु, मोदी, धनखड़ सहित कई नेताओं ने दी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं

नयी दिल्ली : रंगों के त्योहार होली का खुमार पूरे देश में शुक्रवार को सिर चढ़ कर बोला। कश्मीर से कन्याकुमारी तक रंगोत्सव की धूम मची रही। रमजान के पवित्र महीने में जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये तथा सभी धर्मो के लोग मिल-जुल कर एक-दूसरे को होली की बधाई देते नजर आये।

होली के पर्व पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने देशवासियों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।

”इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात को होली की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं. हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”उपराष्ट्रपति धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं. होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने होली की बधाई देते हुए कहा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।

”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने होली के शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है. आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो।”श्री राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।”कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने एक्स पर लिखा, “होली, विविधता का महोत्सव है। ये भय, द्वेष, ईर्ष्या, नफ़रत और भेदभाव को मिटाने का त्योहार है। होली हमें रंगो की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई।”उन्होंने आगे कहा, “आइये हम अपने बहु-सांस्कृतिक समाज को जीवंत रंगों, एकजुटता व भाईचारे की भावना से भर दें और सौहार्द व सद्भाव का एक बार फिर प्रण लें।

”दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज होली के त्यौहार पर दिल्ली और पूरे देश वासियों को अपनी अनंत शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने आशा व्यक्त की कि रंगों का यह जीवंत त्योहार सभी के जीवन में अनगिनत खुशियाँ, अपार प्रेम और सद्भाव लेकर आएगा।श्रीमती गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में लिखा, “रंगों के पवित्र त्योहार होली पर दिल्ली और पूरे देश के लोगों को अनंत शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार, होली आपके जीवन में अनगिनत खुशियां, अपार प्रेम और सद्भाव लेकर आए। यह त्योहार केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि सच्चाई की जीत, रिश्तों के मजबूत बंधन और आपसी भाईचारे का जीवंत प्रतीक है।

”उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है. प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।”कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर होली की शुभकामना संदेश लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो।

”लखनऊ समेत कुछ इलाकों में गुरुवार शाम तेज हवाओं और बूंदाबांदी से वर्षा के होली के रंग में खलल पड़ने के आसार नजर आ रहे थे मगर आज सुबह चटक धूप के बीच लोगों ने रंगोत्सव का पूरा लुफ्त उठाया और अबीर गुलाल उड़ा कर ,गले मिल कर एक दूसरे को हाेली पर्व की बधाई दी। इस दौरान ठंडाई और गुझियों का दौर भी जमकर चला।

इस पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह होलिका भस्म की पूजा कर होली मनाने का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में फाग गीतों का आनंद लिया और गोवंश को भस्म, गुलाल लगाकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने भीम सरोवर के पास बतखों को तथा मंदिर की गोशाला के पास मोर को भी दाना खिलाया।

सुरक्षा के लिहाज से संभल,शाहजहांपुर,मुरादाबाद समेत कुछ शहरों में मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया था और जुमे की नमाज का समय दोपहर दो बजे के बाद का कर दिया गया था। पूरे उत्तर प्रदेश में इस दौरान शांति बनी रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में रंगों की बरसात के बीच जम कर ठंडाई चली। सिर से पांव तक रंगों में तर बतर लोग मस्ती में दिखे। प्रयागराज में भी खूब रंग पिचकारी चली। बच्चे,महिलायें,बुजुर्ग और युवा होली की मस्ती में डूबे रहे। बरेली,शाहजहांपुर,बाराबंकी,अयोध्या,कानपुर और देवरिया समेत समूचे उत्तर प्रदेश में युवा फिल्मी गीतों में थिरकते दिखायी दिये वहीं हमीरपुर,महोबा,बांदा,चित्रकूट और झांसी समेत समूचे बुंदेलखंड में लोकगीतों की धूम मची रही।सोशल मीडिया पर भी होली का खुमार सुबह से चढ़ा रहा। व्हाट्सएप,फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बधाई संदेशों और होली की रील ही दिखायी पड़ी।

इस अवसर पर मुसलमानो ने दिल खोल कर अपने हिन्दू मित्रों को होली के बधाई संदेश देकर सांप्रदायिक सदभाव की मिसाल पेश की।राजनीतिक दलों ने ट्विटर और फेसबुक के जरिये लोगों को होली की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव,बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती,कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने लोगों को होली की बधाई दी। इस अवसर पर कई राजनीतिक दलों ने अपने यहां होली मिलन समारोह का आयोजन किया।भोपाल से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं दीं।इस मौके पर डॉ यादव ने कहा कि हमारे त्यौहार सबका मंगल लेकर आते हैं, इसीलिए ऐसे पर्वों पर बधाई और मंगलकामनाएं दीं जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आनंद मनाने का पर्व है। खुश होकर, आनंद लेकर ही मनाये। उन्होंने सभी से आत्मीयता और सौहार्द के साथ सभी त्यौहार मनाने का आह्वान किया।समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद भोपाल आलोक शर्मा, सांसद नर्मदापुरम दर्शन सिंह चौधरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, रविन्द्र यति, गणमान्य नागरिक, अधिकारी और कलाकारों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के साथ होली मनाई। सभी ने बड़े हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की मंगलकामनाएं दीं।सांस्कृतिक कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में सुघड़ कलाकारों ने ब्रज, बरसाने और महाकाल की होली का भव्य एवं मनोरम मंचन किया गया। पारम्परिक गीत-संगीत, नृत्य और रंगों की इस अनुपम छटा ने सभी को अभिभूत कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली भाईचारे, प्रेम और समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे पर्यावरण का संवेदनशीलतापूर्वक ध्यान रखते हुए होली मनाएं और जल संरक्षण का भी संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उल्लास और उमंग से सराबोर इस होली मिलन समारोह में सभी ने शालीनता के साथ पर्व का आनंद लिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच पर प्रस्तुती दे रहे कलाकारों और अतिथियों के साथ रंग बरसे भीगे, होली के दिन दिल खिल-खिल, दमादम मस्त कलंदर, भोले खेलें होली जैसे होली गीतों का सस्वर गायन कर सभी के उल्लास को दोगुना कर दिया। डॉ यादव ने मुख्यमंत्री निवास पधारे सभी आगंतुकों पर पुष्प-वर्षा के साथ गुलाल उड़ाकर मेजबान के रूप में सबका स्वागत किया।जयपुर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने होली का पर्व उत्साह एवं परम्परागत रूप से मनाया।

इस अवसर पर राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार में ढोल और चंग की थाप पर नृत्य गान हुआ। सभी ने रंग और गुलाल उड़ाकर रंग पर्व समारोहपूर्वक मनाया।श्री बागडे ने रंग पर्व होली की सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने होली पर आगंतुकों का राजभवन में गुलाल लगाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह हिल- मिल उमंग और उत्साह को एक दूसरे से साझा करने का पावन पर्व है।राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां होली का पर्व बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया और श्री शर्मा ने इस दौरान बड़ी संख्या में आए आमजन से आत्मीय मुलाकात कर फूलों एवं प्राकृतिक रंगों से होली खेली। समारोह में लोक कलाकारों ने ब्रज की विभिन्न संस्कृतियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ होली खेलकर लोग काफी खुश नजर आये।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली के पर्व की बधाई देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व बेहद ही निराला है, हमें आपसी कटुता को भुलाते हुए एक-दूसरे को गले लगाने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 350 अरब डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।श्री शर्मा ने युवा, किसान, महिला और मजदूर सहित पूरे प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। समारोह में श्री शर्मा की पत्नी गीता शर्मा भी मौजूद रही। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद थे।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों के साथ होली का पर्व मनाया। श्री चौधरी ने अजमेर जिले में किशनगढ़ स्थित अपने निवास पर होली एवं धुलंडी पर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक अंदाज में सभी को रंगों के पर्व की बधाई दी, मुंह मीठा करवाया और होली की राम-राम की। इस मौके होली बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज तख्त श्री केसगढ़ साहिब में मत्था टेका और होला-मोहल्ला के त्योहार पर लोगों को बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हम सभी को इस पवित्र ‘होला मोहल्ला’ त्योहार के पीछे की समृद्ध विरासत की याद दिलाता है, जो दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की महान विचारधारा और भलाई (चढ़दी कला) की अमर भावना को भरने के प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महान सिख गुरुओं के पदचिह्नों पर चलते हुए मानवता के प्रति जिम्मेदारी और सेवा की भावना पैदा कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें श्री आनंदपुर साहिब के इस पवित्र शहर में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला है, जिसकी स्थापना 1665 में नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा की गई थी, जिन्होंने मानवीय गरिमा और मानवाधिकारों को बनाए रखने के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया था।

उन्होंने आगे कहा कि यह स्थान खालसा की जन्मभूमि भी है क्योंकि वर्ष 1699 में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने बैसाखी के ऐतिहासिक दिन इस पवित्र भूमि पर खालसा पंथ की नींव रखी थी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में अत्याधुनिक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, स्टेडियम और अन्य के संदर्भ में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब के आसपास के क्षेत्र को पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने होली पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।श्री सैनी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जैसे रंग एक-दूसरे में घुल-मिल जाते हैं, वैसे ही हमें भी हर भेदभाव भुलाकर एकता और विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार हरियाणा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है। आपके सहयोग और विश्वास से हम प्रदेश में समृद्धि, खुशहाली और विकास के नए रंग भरने का कार्य निरंतर करते रहेंगे।हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं के साथ होली खेली।

श्री सुक्खू ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल , विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया , प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह , लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह , विधायक संजय अवस्थी, विधायक एवं धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर , नरेश चौहान , मेयर सुरेंद्र चौहान , सहयोगी स्टाफ और प्यारे बच्चों के साथ होली का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया।उन्होंने इस मौके पर कहा कि आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ। रंगों का यह पावन पर्व आपके जीवन में अपार खुशियाँ, सुख-समृद्धि और सफलता लेकर आए।देश के अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में भी पारम्परिक हर्षाेल्लास व धूमधाम के साथ रंगों का पर्व होली मनाया और खेला गया। (वार्ता)

सनातन धर्म को बदनाम करने वालों की बुद्धि दूषित : मुख्यमंत्री

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button