अदलपुरा पंप कैनाल में फंसा मिला साड़ी कारोबारी का शव
आठ लाख की उगाही के लिए की गयी थी कारोबारी की हत्या,एक सप्ताह से पुलिस कर रही थी डेडबॉडी की तलाश, स्थानीय लोगों ने देखा.
वाराणसी। हनीट्रैप में फंसाकर हुई साड़ी कारोबारी की हत्या के एक सप्ताह बाद उसका शव मीरजापुर के अदलपुरा पंप कैनाल में फंसा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे चुनार कोतवाल ने शव की शिनाख्त कर मामले की जानकारी वाराणसी पुलिस को दी। वाराणसी पुलिस मृतक के परिजनों और हत्यारोप महिला समेत तीनों अभियुक्तों को लेकर अदलपुरा पंप कैनाल पहुंची और शिनाख्त करायी। यहां से आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र निवासी साड़ी कारोबारी महमूद आलम 14 जनवरी को तीन बजे घर से निकले, पर देर रात क घर नहीं लौटे। अपहरण की आशंका तें कारोबारी पुत्र फैजान ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी। जिसके बाद भेलूपुर पुलिस व्यापारी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने व्यापारी के अपहरण व हत्या का खुलासा किया। इसमें महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने गला कसकर हत्या करने के बाद शव को चुनार गंगा नदी में फेंका था। जिसके वाद वाराणसी पुलिस हर दिन आकर चुनार शव की तलाश कर रही थी। शनिवार की सुबह चुनार के अदलपुरा पंप कैनाल में शव फंसा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना चुनार पुलिस को दी। मौके पर सीओ चुनार, कोतवाल चुनार पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और पंप कैनाल में फंसे शव को बाहर निकाला। व्यवसायी का पोस्टमार्टम मीरजापुर में ही होगा।



